लखनऊ के तेलीबाग में बनेगा ₹146 करोड़ का फ्लाईओवर, 5 लाख से ज्यादा लोगों को जाम से मिलेगी राहत

115-21

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के तेलीबाग चौराहे पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। यहां चार लेन का 858.06 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है और परियोजना पर 145.99 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फ्लाईओवर बनने के बाद पांच लाख से अधिक लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर स्थित तेलीबाग चौराहा शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में यहां वाहनों का दबाव बढ़ने से भीषण जाम लगता है। तीज-त्योहारों के दौरान स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। कई बार लोगों को आधे घंटे तक चौराहे पर जाम में फंसे रहना पड़ता है। इसका असर स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों के समय पर भी पड़ता है।

इस समस्या को देखते हुए सरोजनीनगर के विधायक राजेश्वर सिंह ने तेलीबाग में फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन के निर्देश पर सेतु निगम ने परियोजना का खाका तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजा। व्यय वित्त समिति की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब सेतु निगम के अधिकारी शासन से निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने का इंतजार कर रहे हैं।

आगरा और कानपुर से आने वाले वाहनों को मिलेगा फायदा

फ्लाईओवर बनने के बाद आगरा और कानपुर एक्सप्रेस-वे की ओर से आने वाले वाहनों को तेलीबाग चौराहे पर रुकना नहीं पड़ेगा। इससे यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। रायबरेली रोड और आलमबाग रोड के साथ पीजीआई की कॉलोनियों, कैंटोनमेंट और वृंदावन योजना से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।

डेढ़ से दो साल में शुरू हो सकती है सुविधा

सेतु निगम के अधिकारियों के मुताबिक मौजूदा वित्तीय वर्ष में निर्माण के लिए शासन से धनराशि आवंटित होने की संभावना है। बजट मिलने के बाद निर्माण की निविदाएं आमंत्रित करने और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होगा। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने में करीब डेढ़ से दो साल का समय लग सकता है।

पीजीआई जाने वाले मरीजों को भी मिलेगी राहत

तेलीबाग फ्लाईओवर का फायदा पीजीआई जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी मिलेगा। कानपुर और आगरा के अलावा आलमबाग, कृष्णा नगर और कैंटोनमेंट जैसे इलाकों से पीजीआई जाने वाले वाहनों का आवागमन आसान होगा। कैंटोनमेंट से रायबरेली रोड और आलमबाग व पीजीआई रोड से शहीद पथ तक वाहनों को ज्यादा सुगम और निर्बाध रास्ता मिल सकेगा।

परियोजना तैयार करते समय पालोहरुखेड़ा, इमलिया बाग और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े यातायात को भी ध्यान में रखा गया है। फ्लाईओवर बनने के बाद तेलीबाग चौराहे पर वाहनों का दबाव कम करने और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र