गूगल का बड़ा फैसला! कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने पर 12 महीने तक की सैलरी देने का ऑफर

00000000000000-2
नई दिल्ली: माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब गूगल ने भी कर्मचारियों की संख्या और खर्च को नियंत्रित करने की दिशा में कदम उठाया है। गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट ने इस साल कई देशों में अपने कुछ कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है। इस योजना के तहत कंपनी छोड़ने वाले कर्मचारियों को आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल ने जून में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान और स्विट्जरलैंड में कुछ कर्मचारियों के लिए यह योजना शुरू की थी। कंपनी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 2025 में उसकी कुछ टीमों ने मुआवजे के साथ स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने की योजना शुरू की थी। इस साल जून में इसका विस्तार कुछ और देशों तक किया गया।

कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, इस योजना का मकसद भविष्य के महत्वपूर्ण कामों के लिए संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करना है। हालांकि, अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि कितने कर्मचारियों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया है। एक 50 कर्मचारियों वाली टीम में कम से कम चार लोगों ने नौकरी छोड़ने का विकल्प चुना है।

एआई पर भारी निवेश के बीच खर्च घटाने की तैयारी

गूगल का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब दुनिया की बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में तेजी से निवेश कर रही हैं। इस तकनीक को विकसित करने और इससे जुड़ा बुनियादी ढांचा तैयार करने में कंपनियों को भारी खर्च करना पड़ रहा है।

बढ़ते खर्च ने निवेशकों की चिंता भी बढ़ाई है और इसका असर अल्फाबेट के शेयरों पर भी पड़ा है। हालांकि, हाल की तिमाहियों में अल्फाबेट के कर्मचारियों की संख्या लगातार बढ़ी है, लेकिन कंपनी अब अपने संसाधनों को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की ओर लगाने की तैयारी में है।

स्विट्जरलैंड में 12 महीने तक की सैलरी का प्रस्ताव

स्विट्जरलैंड में गूगल के करीब 5,000 कर्मचारी काम करते हैं। यहां कंपनी ने कई विभागों के कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है। योजना के तहत कर्मचारियों को कंपनी में काम किए गए हर साल के बदले एक महीने की सैलरी देने का प्रस्ताव रखा गया था।

हालांकि, मुआवजे की अधिकतम सीमा 12 महीने की सैलरी तय की गई थी। यानी कंपनी में 12 साल या उससे अधिक समय तक काम कर चुके कर्मचारियों को भी अधिकतम एक साल के वेतन के बराबर ही राशि मिलनी थी।

माइक्रोसॉफ्ट ने भी 60 हजार कर्मचारियों को दिया था विकल्प

गूगल से पहले माइक्रोसॉफ्ट ने भी कर्मचारियों की संख्या और खर्च नियंत्रित करने के लिए स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने की योजना पेश की थी। पिछले सप्ताह कंपनी ने अपने करीब 60 हजार कर्मचारियों को आर्थिक मुआवजे के साथ नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया था।

गूगल ने भी पिछले साल से अमेरिका और ब्रिटेन में अपने कुछ विभागों के कर्मचारियों के लिए ऐसी योजनाएं शुरू की थीं। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, यह विकल्प उन कर्मचारियों के लिए है, जो कंपनी की कार्यशैली, काम की रफ्तार या भविष्य की दिशा के साथ खुद को सहज महसूस नहीं करते।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र