अरब सागर में नौसेना का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, समुद्री लुटेरों से छुड़ाया ‘अज़िनी’, सभी 20 क्रू मेंबर सुरक्षित

0301
नई दिल्ली: भारतीय नौसेना ने अरब सागर में बड़ा अभियान चलाकर समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अज़िनी’ को मुक्त करा लिया है। मुंबई से 3 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी पर फंसे इस जहाज के सभी 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस पूरे अभियान को अंजाम देने में नौसेना को 48 घंटे का समय लगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस सफल अभियान की जानकारी दी। उन्होंने भारतीय नौसेना को बधाई देते हुए बताया कि भारतीय वायु सेना की सहायता से भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के कब्जे से जहाज और उसके चालक दल को छुड़ाया गया। इसके बाद जहाज को सुरक्षित रूप से समुद्री लुटेरों के चंगुल से बाहर निकाल लिया गया।

समुद्र में फंसे लोगों की सुरक्षा के लिए भारत प्रतिबद्ध

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जवानों ने एक बार फिर अपनी क्षमता साबित की है। भारत समुद्र में संकट में फंसे लोगों की जान बचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम है। उन्होंने पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और शांति बनाए रखने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

सोमालिया के तट के पास अगवा किया गया था जहाज

जानकारी के मुताबिक, सोमाली समुद्री लुटेरों ने सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के नजदीक ‘अज़िनी’ जहाज का अपहरण कर लिया था। गुरुवार को बंदर बायला और हाफुन के बीच इस जहाज पर लुटेरों ने कब्जा किया था। इसके बाद भारतीय नौसेना ने बचाव अभियान शुरू किया और लगातार 48 घंटे की कार्रवाई के बाद जहाज समेत सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया।

अधिकारियों के अनुसार, जहाज पर 12 समुद्री लुटेरों ने कब्जा किया था। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि अपहरण के समय जहाज पर ईरानी चालक दल के सदस्य मौजूद थे।

हिंद महासागर में फिर बढ़ने लगे समुद्री लुटेरों के हमले

‘अज़िनी’ का अपहरण ऐसे समय हुआ है, जब अदन की खाड़ी और पश्चिमी हिंद महासागर में सोमाली समुद्री लुटेरों की गतिविधियां दोबारा बढ़ रही हैं। बीते कुछ महीनों में लुटेरों ने कई व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया है।

पांच महीने में छह व्यापारिक जहाजों का अपहरण

अप्रैल से अगस्त के बीच समुद्री लुटेरों ने छह व्यापारिक जहाजों का अपहरण किया। इनमें कुछ जहाजों को सोमालिया के तट से काफी दूर निशाना बनाया गया था। अपहृत जहाजों में ‘सिबू 1’ नाम का तेल टैंकर भी शामिल था। इसे यमन के अल-मुकल्ला शहर से करीब 252 किलोमीटर पूर्व में अगवा किया गया था।

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र