अयोध्या में अमिताभ बच्चन बनवाएंगे पिता हरिवंश राय बच्चन के नाम पर धर्मशाला, 32 कमरों में होंगी आधुनिक सुविधाएं
अयोध्या: महानायक अमिताभ बच्चन अयोध्या में अपने दिवंगत पिता और मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में धर्मशाला बनवाने की तैयारी कर रहे हैं। सरयू तट के पास प्रस्तावित इस धर्मशाला में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और इसमें करीब 32 कमरे बनाए जाने की योजना है। करीब 5000 वर्गमीटर में बनने वाली धर्मशाला का नक्शा हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट के डायरेक्टर राजेश ऋषी यादव ने अयोध्या विकास प्राधिकरण में प्रस्तुत किया है।
नक्शे पर 15 दिनों में मांगी गई आपत्तियां
अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने ट्रस्ट की ओर से धर्मशाला निर्माण के लिए आवेदन और नक्शा जमा किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आवेदन मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र के लोगों से आपत्तियां मांगी गई हैं। इसके लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया गया है। आपत्तियां मिलने पर उनका निस्तारण करने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्राधिकरण के सचिव राजेश मिश्र के मुताबिक, धर्मशाला निर्माण के आवेदन को करीब 10 दिन हो चुके हैं और आपत्ति दर्ज कराने के लिए पांच दिन का समय बाकी है। प्रस्तावित धर्मशाला 5000 वर्गमीटर में बनाई जाएगी और इसमें 32 कमरे होंगे। इसके अलावा परिसर में अन्य निर्माण कार्य भी प्रस्तावित हैं। फिलहाल पंजीकरण शुल्क जमा किया गया है, जबकि नक्शे समेत अन्य शुल्क बाद में जमा कराया जाएगा।
15 करोड़ रुपये में खरीदी थी जमीन
अमिताभ बच्चन की योजना अपने पिता हरिवंश राय बच्चन की याद में मेमोरियल धर्मशाला बनाने की है। यह निर्माण दशरथ पथ पर ‘द सरयू’ परियोजना के तहत अमिताभ बच्चन द्वारा करीब 15 करोड़ रुपये में खरीदी गई जमीन पर प्रस्तावित है। इस जमीन के लेआउट को अयोध्या विकास प्राधिकरण के सामने रखा गया है और उस पर 15 दिनों के भीतर आपत्तियां मांगी गई हैं।
अक्टूबर में शुरू हो सकता है निर्माण
आपत्ति की समय-सीमा पूरी होने और औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद धर्मशाला का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद अक्टूबर 2026 के आसपास निर्माण शुरू हो सकता है। बताया जाता है कि अमिताभ बच्चन के पास अयोध्या में जमीन के कई टुकड़े हैं। इनमें ‘द सरयू’ लक्जरी परियोजना के पास करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदी गई 2.67 एकड़ जमीन और 15 करोड़ रुपये में खरीदा गया 15000 वर्ग फुट का प्लॉट भी शामिल है। राम मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर अमिताभ बच्चन अपने बेटे अभिषेक बच्चन के साथ अयोध्या पहुंचे थे।





