सफर में बार-बार होती है उल्टी या चक्कर? मोशन सिकनेस से राहत दिला सकते हैं ये आसान घरेलू उपाय

000000000000000000000000-3

नई दिल्ली: घूमने-फिरने का उत्साह कई बार मोशन सिकनेस की वजह से फीका पड़ जाता है। यात्रा के दौरान उल्टी, जी मिचलाना, चक्कर आना और बेचैनी जैसी समस्याएं कई लोगों को परेशान करती हैं। ऐसे में कई लोग सफर करने से भी बचने लगते हैं। हालांकि, कुछ आसान सावधानियां और घरेलू उपाय अपनाकर इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

क्या होती है मोशन सिकनेस?

मोशन सिकनेस कोई बीमारी नहीं है। यह ऐसी स्थिति है, जब यात्रा के दौरान शरीर और मस्तिष्क को अलग-अलग संकेत मिलते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, आंखें, भीतरी कान और त्वचा से मिलने वाले अलग-अलग संकेतों के कारण मस्तिष्क भ्रमित हो जाता है, जिससे जी मिचलाना, उल्टी, चक्कर और असहजता जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

सफर के दौरान किताब पढ़ने से बचें

यदि आपको मोशन सिकनेस की समस्या रहती है, तो यात्रा के दौरान किताब या अन्य पढ़ने वाली सामग्री से दूरी बनाना बेहतर माना जाता है। इससे आंखों और शरीर से मस्तिष्क को अलग-अलग संकेत मिलते हैं, जिससे परेशानी बढ़ सकती है।

खाली पेट यात्रा न करें

कई लोगों को लगता है कि खाली पेट सफर करने से उल्टी नहीं होगी, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, यात्रा से पहले बहुत ज्यादा भोजन करने से भी बचना चाहिए और पूरी तरह खाली पेट भी सफर नहीं करना चाहिए। हल्का और सुपाच्य भोजन करना बेहतर विकल्प माना जाता है।

पीछे की सीट पर बैठने से बचें

यदि आपको यात्रा के दौरान जल्दी चक्कर आते हैं, तो बड़े वाहनों की पीछे की सीट पर बैठने से बचना चाहिए। पीछे बैठने पर वाहन की गति और झटकों का असर अधिक महसूस हो सकता है, जिससे मोशन सिकनेस की समस्या बढ़ सकती है।

भुना हुआ लौंग पाउडर आजमा सकते हैं

घरेलू उपाय के तौर पर भुने हुए लौंग का पाउडर साथ रखा जा सकता है। इसे थोड़ी-सी शक्कर या काले नमक के साथ मिलाकर चाटने से यात्रा के दौरान उल्टी की समस्या में राहत मिलने की पारंपरिक मान्यता है।

तुलसी के पत्ते चबाएं

यात्रा के दौरान तुलसी के पत्ते चबाना भी एक पारंपरिक घरेलू उपाय माना जाता है। इसके अलावा नींबू, पुदीने का रस और काला नमक मिलाकर तैयार पेय को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पीने से भी ताजगी महसूस हो सकती है।

नींबू की खुशबू से मिल सकती है राहत

सफर के दौरान अपने साथ एक ताजा नींबू रखना भी फायदेमंद माना जाता है। यदि यात्रा के दौरान जी मिचलाने या बेचैनी की शुरुआत हो, तो नींबू को छीलकर उसकी खुशबू सूंघने से कुछ लोगों को राहत महसूस हो सकती है।

कब डॉक्टर से संपर्क करें?

यदि यात्रा के दौरान हर बार तेज उल्टी, लगातार चक्कर, अत्यधिक कमजोरी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर मोशन सिकनेस की दवा भी सुझा सकते हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र