भारत टेक्स 2026 में चमका उत्तर प्रदेश, टेक्सटाइल निवेश का बना नया हॉटस्पॉट; 8 कंपनियों को मिली बड़ी सौगात

22A_21

लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय टेक्सटाइल एक्सपो ‘भारत टेक्स 2026’ में उत्तर प्रदेश ने खुद को देश के प्रमुख टेक्सटाइल और परिधान विनिर्माण केंद्र के रूप में मजबूती से प्रस्तुत किया। योगी सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों और विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे को कार्यक्रम के दौरान निवेशकों और उद्योग जगत के सामने विस्तार से रखा गया। विशेष ‘उत्तर प्रदेश राज्य सत्र’ में राज्य को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी टेक्सटाइल हब बनाने की रणनीति और निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं पर फोकस किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्र, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा रेशम उद्योग मंत्री राकेश सचान ने किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आधुनिक, नवाचार आधारित और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी टेक्सटाइल उद्योग विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार नीतिगत सुधारों और उद्योग-अनुकूल माहौल के जरिए टेक्सटाइल वैल्यू चेन में निवेश को लगातार बढ़ावा दे रही है। साथ ही राज्य अपनी समृद्ध हथकरघा विरासत के साथ गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग और टेक्निकल टेक्सटाइल क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

टेक्सटाइल नीति-2022 के तहत 8 कंपनियों को मिला लाभ

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण ‘उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग नीति-2022’ के तहत चार स्थापित इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन और चार नए निवेशकों को ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ प्रदान किया जाना रहा। इसे राज्य में निवेश को गति देने और उद्योगों को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

वित्तीय सहायता के तहत मेरठ की के.डी. प्रिंट्स प्राइवेट लिमिटेड को 2.37 करोड़ रुपये, मुरादाबाद की जी.ओ. पॉलिमर्स प्राइवेट लिमिटेड को 1.26 करोड़ रुपये, बुलंदशहर की पैट्रोनस अपैरल्स प्राइवेट लिमिटेड को 80 लाख रुपये और बुलंदशहर की विनटेक्स इंडस्ट्रीज को 74 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। सरकार का कहना है कि इससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने, तकनीकी उन्नयन और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।

चार नए निवेशकों को मिला ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’

राज्य सरकार ने चाहत एक्सपोर्ट्स एलएलपी को 16.18 करोड़ रुपये, अवंती ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड को 3.18 करोड़ रुपये, आर्टेक्स मिल्स प्राइवेट लिमिटेड को 2.10 करोड़ रुपये और रचित प्रिंट्स लिमिटेड को 1.40 करोड़ रुपये के ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ जारी किए। सरकार के अनुसार यह व्यवस्था निवेशकों को समयबद्ध प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने और कारोबार सुगमता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

पीएम मित्र पार्क और निवेश परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राकेश सचान ने पीएम मित्र पार्क लखनऊ और संत कबीर पार्क के संभावित मास्टर डेवलपर्स के साथ बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति और बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा की। अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश की टेक्सटाइल नीतियों और निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने वैश्विक प्रतिस्पर्धा, सतत विनिर्माण और उत्तर प्रदेश को परिधान उद्योग के पसंदीदा निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्र अनिल कुमार सागर, आयुक्त एवं निदेशक एमएसएमई, हथकरघा एवं वस्त्र के. विजयेंद्र पांडियन, इन्वेस्ट यूपी की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र