अमेरिका में दर्दनाक विमान हादसा: स्काईडाइविंग के लिए जा रहा प्लेन हुआ क्रैश, 12 लोगों की मौत
मिसौरी: अमेरिका के मिसौरी राज्य में रविवार को एक भीषण विमान दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो गई। स्काईडाइविंग के लिए यात्रियों को लेकर उड़ान भरने वाला विमान बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की लपटों में घिर गया। हादसे में विमान में सवार सभी 12 लोगों की जान चली गई।
स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन विमान में मौजूद किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।
स्काईडाइविंग मिशन पर था विमान
मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल के सार्जेंट जस्टिन इविंग के अनुसार, यह विमान स्काईडाइविंग के लिए लोगों को निर्धारित ऊंचाई तक ले जा रहा था। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे आपातकालीन सेवाओं को सूचना मिली कि एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसमें आग लग गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना के कुछ ही समय बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन अधिकारियों ने घटनास्थल के दृश्य को बेहद भयावह बताया।
हवाई अड्डे से सटे खेत में गिरा विमान
अधिकारियों के मुताबिक, विमान बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के नजदीक एक खेत में गिरा। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की सड़क को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया ताकि राहत कार्य और जांच में कोई बाधा न आए।
बटलर शहर कैनसस सिटी से लगभग 65 मील दक्षिण में स्थित है और यह क्षेत्र स्काईडाइविंग गतिविधियों के लिए जाना जाता है।
कौन सा विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त?
दुर्घटनाग्रस्त विमान पैसिफिक एयरोस्पेस 750XL मॉडल का था। यह एकल इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से स्काईडाइविंग गतिविधियों में किया जाता है।
इसके अलावा इस विमान का इस्तेमाल माल ढुलाई, हवाई सर्वेक्षण और मेडिकल इवैक्यूएशन मिशनों में भी किया जाता है। यह विमान एक बार में 17 स्काईडाइवर्स को ले जाने में सक्षम माना जाता है और छोटी रनवे से भी आसानी से उड़ान भर सकता है।
संघीय विमानन प्रशासन के रिकॉर्ड के अनुसार, इस विमान का निर्माण वर्ष 2010 में हुआ था।
NTSB करेगी हादसे की जांच
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) जांच करेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य वजह से हुआ।
जांच एजेंसियां विमान के उड़ान रिकॉर्ड, रखरखाव इतिहास और अन्य तकनीकी पहलुओं की समीक्षा कर रही हैं।
मृतकों की पहचान अभी नहीं हुई सार्वजनिक
प्रशासन ने अभी तक मृतकों की पहचान, उनकी उम्र और वे किस क्षेत्र के निवासी थे, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
बटलर शहर की आबादी करीब 4,300 है, जबकि बेट्स काउंटी में लगभग 17 हजार लोग रहते हैं। इस इलाके में स्काईडाइविंग कंपनियां आमतौर पर मार्च-अप्रैल से लेकर अक्टूबर-नवंबर तक संचालन करती हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय प्रशासन मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।



