टाटा कम्युनिकेशंस को मिला नया CEO, शेयरों में जबरदस्त उछाल, निवेशकों ने जमकर की खरीदारी
मुंबई: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाटा कम्युनिकेशंस में बड़े मैनेजमेंट बदलाव के बाद कंपनी के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान करीब 10 प्रतिशत तक उछल गया। तेजी के बीच शेयर इंट्रा-डे में 1,805 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, बाजार बंद होने तक शेयर 8 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,777.50 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी में नए CEO की नियुक्ति की खबर के बाद निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
5 साल के लिए गणपति एस. लक्ष्मीनारायणन बने MD और CEO
टाटा कम्युनिकेशंस ने गणपति एस. लक्ष्मीनारायणन को कंपनी का नया मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल 20 मई 2026 से शुरू होकर 19 मई 2031 तक रहेगा। हालांकि, यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी।
कंपनी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया गया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने गणपति एस. लक्ष्मीनारायणन को अतिरिक्त निदेशक के साथ-साथ MD और CEO नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। यह फैसला नामांकन और पारिश्रमिक समिति की सिफारिश के आधार पर लिया गया।
जनवरी में ही बनाया गया था CEO-नामित
गणपति एस. लक्ष्मीनारायणन को उद्योग जगत में गणेश के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें इसी साल जनवरी में MD और CEO-नामित बनाया गया था। उनके पास मल्टीनेशनल कंपनियों, B2B स्टार्टअप्स और भारतीय उद्योगों में तीन दशक से ज्यादा का प्रबंधन अनुभव है।
ServiceNow और Airtel में निभा चुके हैं बड़ी जिम्मेदारियां
टाटा कम्युनिकेशंस से जुड़ने से पहले लक्ष्मीनारायणन ने ServiceNow में ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट और भारत एवं SAARC क्षेत्र के मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में काम किया था। इसके अलावा उन्होंने एयरटेल के एंटरप्राइज बिजनेस डिवीजनों का नेतृत्व भी किया। वह भारत में एयरटेल बिजनेस के CEO की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
उच्च शिक्षा और इंडस्ट्री में मजबूत पकड़
लक्ष्मीनारायणन ने रॉस स्कूल ऑफ बिजनेस से हाई डिस्टिंक्शन के साथ MBA किया है। इसके अलावा उन्होंने गुइंडी इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। वह NASSCOM की एग्जीक्यूटिव काउंसिल और FICCI की काउंसिल में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि गणपति एस. लक्ष्मीनारायणन का बोर्ड के किसी सदस्य से कोई संबंध नहीं है और उन्हें SEBI या किसी अन्य नियामक संस्था की ओर से निदेशक पद संभालने से प्रतिबंधित नहीं किया गया है।
52 हफ्ते के हाई से अब भी नीचे ट्रेड कर रहा शेयर
टाटा कम्युनिकेशंस के शेयर का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 2,004 रुपये रहा है, जो पिछले साल अक्टूबर में दर्ज किया गया था। वहीं, कंपनी का 52 हफ्तों का निचला स्तर 1,323 रुपये रहा, जो अप्रैल 2026 में देखने को मिला था।



