Sony RX10 V लॉन्च, 25x ऑप्टिकल जूम और 4K 120fps रिकॉर्डिंग के साथ मचाएगा धमाल, जानिए कीमत और फीचर्स

Untitled-1-copy-168

Mumbai : सोनी ने लंबे इंतजार के बाद अपने साइबरशॉट कॉम्पैक्ट कैमरा लाइनअप का नया मॉडल RX10 V वैश्विक बाजार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी के अनुसार, पांचवीं पीढ़ी के इस कैमरे में ZEISS Vario-Sonnar T 24-600mm F2.4-4.0 लेंस दिया गया है, जो 25x ऑप्टिकल जूम के साथ आता है। कैमरे में 1.0-टाइप स्टैक्ड Exmor RS CMOS सेंसर, BIONZ XR इमेज प्रोसेसर और एआई आधारित रियल-टाइम रिकग्निशन ऑटोफोकस सिस्टम दिया गया है। यह कैमरा 4K 120fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है।

इतनी है कीमत, भारत लॉन्च का इंतजार

Sony RX10 V की कीमत यूरोपीय संघ में 2,499 यूरो (करीब 2.72 लाख रुपये) और ब्रिटेन में 2,199 पाउंड (करीब 2.81 लाख रुपये) रखी गई है। इसकी प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक भारत में इसकी कीमत और उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

20.1MP सेंसर और 25x ऑप्टिकल जूम की ताकत

कैमरे में लगभग 20.1 मेगापिक्सेल का 1.0-टाइप स्टैक्ड Exmor RS CMOS सेंसर दिया गया है, जिसे BIONZ XR इमेज प्रोसेसिंग इंजन के साथ जोड़ा गया है। इसमें 24-600 मिमी समतुल्य फोकल रेंज, 25x ऑप्टिकल जूम और F2.4 से F4.0 अपर्चर वाला फिक्स्ड ZEISS Vario-Sonnar T लेंस मिलता है। कंपनी का दावा है कि यह कैमरा वाइड एंगल पर 3 सेंटीमीटर और टेलीफोटो मोड में 72 सेंटीमीटर तक मैक्रो फोटोग्राफी करने में सक्षम है।

एआई ऑटोफोकस से मिलेगी बेहतरीन ट्रैकिंग

Sony RX10 V में इनबिल्ट एआई प्रोसेसिंग यूनिट दी गई है, जो रियल-टाइम रिकग्निशन ऑटोफोकस की सुविधा प्रदान करती है। यह इंसान, जानवर, पक्षी, कीड़े, कार, ट्रेन और हवाई जहाज जैसे विभिन्न विषयों की पहचान कर उन्हें ट्रैक कर सकती है। कैमरे में ऑटो रिकग्निशन मोड और ह्यूमन पोज एस्टिमेशन तकनीक भी दी गई है, जिससे सब्जेक्ट ट्रैकिंग और अधिक सटीक हो जाती है।

इसके अलावा कैमरे में 575 फेज-डिटेक्शन ऑटोफोकस पॉइंट दिए गए हैं और यह कंटीन्यूअस एएफ/एई ट्रैकिंग के साथ 30 फ्रेम प्रति सेकंड तक ब्लैकआउट-फ्री बर्स्ट शूटिंग करने में सक्षम है।

वीडियो क्रिएटर्स के लिए मिलेंगे दमदार फीचर्स

वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए यह कैमरा 4K 120fps रिकॉर्डिंग और 5x स्लो-मोशन प्लेबैक को सपोर्ट करता है। इसमें 10-बिट 4:2:2 रिकॉर्डिंग, S-Cinetone, S-Log3, एक्टिव मोड इमेज स्टेबिलाइजेशन, यूजर-इम्पोर्टेड LUT सपोर्ट, ऑटो फ्रेमिंग, टाइम-लैप्स और शॉट मार्क जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। ऑडियो रिकॉर्डिंग के लिए इसमें मल्टी इंटरफेस शू दिया गया है, जो कंपनी के डिजिटल माइक्रोफोन के साथ काम करता है।

हाई-रिजॉल्यूशन व्यूफाइंडर और टचस्क्रीन डिस्प्ले

Sony RX10 V में 0.5 इंच का क्वाड-VGA OLED इलेक्ट्रॉनिक व्यूफाइंडर दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 3.68 मिलियन डॉट्स और मैग्निफिकेशन 0.78x है। इसके साथ 3.0 इंच का 1.62 मिलियन डॉट्स वाला टिल्टिंग एलसीडी टचस्क्रीन डिस्प्ले भी मिलता है, जिससे फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग का अनुभव और बेहतर हो जाता है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र