T20I में रनों की बारिश: नामीबिया-स्कॉटलैंड मैच में बने 319 रन, दोनों टीमों ने मिलकर तोड़ा अपना ही बड़ा रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बार फिर रनों की बारिश देखने को मिली है। नामीबिया और स्कॉटलैंड के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज के पहले ही मुकाबले में ऐसा प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने रिकॉर्ड बुक में नई इबारत लिख दी। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 319 रन बना डाले, जो आपसी मुकाबलों में अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त स्कोर बन गया है। खास बात यह रही कि दोनों टीमों ने साल 2024 में बनाया अपना ही पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
स्कॉटलैंड की शानदार जीत, 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम
तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 15 अप्रैल को खेला गया, जिसमें स्कॉटलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए। टीम के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने एक बार फिर जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 39 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। हालांकि उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
मुनशी-मैकमुलन की नींव, बेरिंगटन ने दिलाई जीत
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड टीम ने 18.5 ओवर में ही 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से जॉर्ज मुंशी और ब्रेंडन मैकमुलन ने 44-44 रन की अहम पारियां खेलीं, जिससे जीत की मजबूत नींव पड़ी। इसके बाद कप्तान रिची बेरिंगटन ने तेजतर्रार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 20 गेंदों में 34 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया। उनकी इस पारी में दो चौके और दो छक्के शामिल रहे।
319 रन के साथ बना नया रिकॉर्ड, 2024 का आंकड़ा भी पीछे छूटा
अगर रिकॉर्ड की बात करें तो यह मुकाबला खास इसलिए भी बन गया क्योंकि दोनों टीमों ने मिलकर कुल 319 रन बनाए, जो उनके आपसी टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त स्कोर है। इससे पहले साल 2024 में दोनों टीमों के बीच खेले गए मैच में 312 रन बने थे, लेकिन इस बार उस आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया गया।
सीरीज में अभी बाकी हैं दो मुकाबले, बढ़ सकती है रोमांचकता
फिलहाल सीरीज का पहला मुकाबला ही खेला गया है और स्कॉटलैंड ने बढ़त बना ली है। अब दूसरा मैच 17 अप्रैल को खेला जाएगा, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला 18 अप्रैल को होगा। जिस तरह से पहले मैच में दोनों टीमों ने प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए बाकी मुकाबलों में भी बड़े स्कोर और कड़े मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है।



