कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर पीएम मोदी का नमन, बोले- हमारी सरकार के प्रेरणा पुंज हैं जननायक

Screenshot-2026-01-24-105037

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और ‘भारत रत्न’ जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर अपनी सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण के कारण सदैव स्मरणीय और अनुकरणीय रहेंगे।

पीएम मोदी ने ‘भारत रत्न’ जननायक कर्पूरी ठाकुर को उनकी जयंती पर किया सादर नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ‘भारत रत्न’ जननायक कर्पूरी ठाकुर को उनकी जयंती पर सादर नमन। समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों का उत्थान हमेशा उनकी राजनीति के केंद्र में रहा। अपनी सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण भाव को लेकर वे सदैव स्मरणीय और अनुकरणीय रहेंगे।”

जननायक कर्पूरी ठाकुर का पूरा जीवन सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए रहा समर्पित

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक पुराने भाषण का अंश भी साझा किया। उन्होंने कहा, “कर्पूरी ठाकुर हमेशा अपनी सादगी के लिए जाने जाते थे। उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। आज भी उनकी ईमानदारी की मिसाल दी जाती है। वे मां भारती के अनमोल रत्न थे। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का सौभाग्य हमारी सरकार को मिला, यह हमारे लिए सम्मान की बात है।”

‘प्रेरणा पुंज’ मानती है भाजपा सरकार

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार जननायक कर्पूरी ठाकुर को अपना प्रेरणा पुंज मानती है। उन्होंने कहा कि वंचितों को वरीयता, पिछड़ों को प्राथमिकता और गरीबों की सेवा के संकल्प के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।

अमित शाह ने बताया सामाजिक न्याय का पुरोधा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सामाजिक न्याय के पुरोधा, ‘भारत रत्न’ जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती पर उन्हें स्मरण कर नमन करता हूं। वंचितों, पिछड़ों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण की व्यवस्था कर उन्होंने सामाजिक न्याय के अनुकरणीय आदर्श स्थापित किए।”

सम्राट चौधरी ने भी दी श्रद्धांजलि

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी जननायक कर्पूरी ठाकुर को याद करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय, समता और जनकल्याण के लिए उनका संघर्ष सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र