PM मोदी की सुरक्षा में 6500 जवान तैनात, 35 डीएसपी और 8 आईपीएस संभालेंगे कमान; बिहार में डीजीपी का डेरा

kdkdk_1791031617203_LcyX_1791031630028_QBgg_ef3841_1795223547889_Yvz4_1795223548019_5xss_abaedd48-a0d4-4a1a-b8ff-8ff56f173dc0_sYqk
हाजीपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उनकी सुरक्षा के लिए 70 कंपनियों के करीब 6500 जवानों और अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा आठ आईपीएस अधिकारियों और 35 डीएसपी को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी प्रीता वर्मा लगातार तैयारियों की निगरानी कर रही हैं।

प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान राघोपुर में वायुसेना के हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। इसके बाद कच्ची दरगार सिक्सलेन पुल यानी नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे और फिर सड़क मार्ग से जनसभा स्थल पहुंचेंगे। इस दौरान हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात बिहार को दिए जाने का कार्यक्रम है।

सभा स्थल पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। मुख्य मंच पर कार्यक्रम की शुरुआत से पहले तीन मिनट तक डिस्प्ले स्क्रीन के जरिये बिहार सरकार के विकास कार्यों को दिखाया जाएगा। इसके बाद आगे का कार्यक्रम शुरू होगा।

पुल से सभा स्थल तक 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए नीतीश सेतु से लेकर जनसभा स्थल तक निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्क हैं।

सिक्सलेन पुल के पास तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री नीतीश सेतु का उद्घाटन करने के बाद सड़क मार्ग से जनसभा स्थल पहुंचेंगे। इस दौरान हेलीकॉप्टर पुल के पास से उड़ान भरकर सभा स्थल के नजदीक बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे।

सभा स्थल के पास कुल पांच हेलीपैड तैयार किए गए हैं। इनमें तीन प्रधानमंत्री और वायुसेना के जवानों के लिए हैं, जबकि एक राज्यपाल और एक मुख्यमंत्री के लिए बनाया गया है।

सुरक्षा में सीआरपीएफ, स्पेशल टास्क फोर्स, सीआईएसएफ, रैपिड एक्शन फोर्स (रैप) और बिहार पुलिस के जवानों के साथ होमगार्ड के कर्मी भी तैनात रहेंगे।

एसपीजी और कमांडो ने संभाली मोर्चे पर तैयारी

प्रधानमंत्री के आगमन से पहले एसपीजी और अन्य कमांडो की टीमें कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही हैं। प्रधानमंत्री के इस्तेमाल में आने वाली रेंज रोवर कार और काफिले के अन्य वाहन भी मौके पर पहुंच चुके हैं। इनमें जैमर वाहन और एसपीजी की गाड़ियां शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री को सभा स्थल से हेलीपैड तक ले जाने और लोगों का अभिवादन करने के लिए एक अलग वाहन भी तैयार किया गया है। कार्यक्रम और प्रधानमंत्री के भाषण का सीधा प्रसारण करने के लिए सभा स्थल, सड़क और सिक्सलेन पुल के आसपास कुल 70 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।

कार्यक्रम में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए मुख्य सचिव, डीजीपी और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने शुक्रवार को कई बार मॉक ड्रिल की। सुरक्षा से लेकर आवागमन तक की तैयारियों का बारीकी से परीक्षण किया गया।

35 डीएसपी और आठ आईपीएस अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

पूरे कार्यक्रम की निगरानी के लिए आठ आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इनमें डीजीपी, आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इनके साथ 35 डीएसपी अलग-अलग क्षेत्रों में सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

तैनात किए गए अधिकारियों में साइबर डीएसपी, यातायात डीएसपी, लाइन डीएसपी और सामान्य शाखा के डीएसपी शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाया गया है। इनमें मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, पटना और सारण समेत अन्य जिलों के अधिकारी शामिल हैं।

जनसभा स्थल और पुल के उद्घाटन स्थल पर आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी तैनात रहेंगी।

डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर से हो रही जांच

एसपीजी की टीम हेलीपैड और जनसभा स्थल की सुरक्षा जांच में जुटी है। डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की मदद से दोनों स्थानों के साथ आसपास के क्षेत्रों की भी गहन तलाशी ली जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री के आगमन तक सुरक्षा जांच जारी रहेगी। प्रशासन का पूरा ध्यान कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने पर है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र