अयोध्या के सरकारी स्कूलों में अब बिना अनुमति नहीं मिलेगी एंट्री, YouTubers और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर भी रोक
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के परिषदीय विद्यालयों में अब बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत यू-ट्यूबर, सोशल मीडिया से जुड़े लोगों और अन्य बाहरी व्यक्तियों के स्कूल परिसर में प्रवेश के साथ बिना अनुमति फोटो और वीडियो बनाने पर भी रोक लगा दी गई है।
आदेश के मुताबिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी या सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर अथवा सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति जिले के किसी भी परिषदीय विद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। स्कूल परिसर के अंदर किसी भी तरह की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी भी बिना अनुमति के नहीं की जा सकेगी।
बिना अनुमति स्कूल पहुंचने वालों पर होगी सख्ती
बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि विद्यालयों में अनधिकृत लोगों की आवाजाही पर रोक लगाना जरूरी है, ताकि पढ़ाई का माहौल प्रभावित न हो।
स्कूल की फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने का आरोप
आदेश में कहा गया है कि कुछ बाहरी लोग, यू-ट्यूबर और अन्य अनधिकृत व्यक्ति परिषदीय विद्यालयों में पहुंचकर विद्यालय और कर्मचारियों के फोटो-वीडियो बनाते हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। विभाग के अनुसार, इससे विद्यालयों में पठन-पाठन का काम प्रभावित होता है। साथ ही शिक्षक पद की गरिमा को ठेस पहुंचने और विभाग की छवि प्रभावित होने की बात भी कही गई है।
स्कूलों के निरीक्षण के लिए पहले से अधिकारी नामित
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार, परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण और परीक्षण के लिए शासन-प्रशासन की ओर से पहले से ही अधिकारी नामित हैं। ये अधिकारी समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण करते हैं। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों के आधार पर विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नियमानुसार कार्रवाई भी की जाती है।
पढ़ाई और शिक्षक की गरिमा बनाए रखने के लिए फैसला
आदेश में कहा गया है कि परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित करने और शिक्षक पद की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।
अब कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर या सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना विद्यालय परिसर में प्रवेश कर फोटो या वीडियोग्राफी नहीं कर सकेगा।





