NEET धांधली में बड़ा खुलासा, बायोमेट्रिक डेटा में हेरफेर करने वाला संतोष कुमार वैशाली से गिरफ्तार
इस मामले के मुख्य आरोपित और पावापुरी मेडिकल कॉलेज के छात्र डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट ने पूछताछ के दौरान संतोष की भूमिका का खुलासा किया था। ईओयू की पूछताछ में संतोष ने भी स्वीकार किया कि वह राहुल राज और रविशंकर सम्राट के साथ मिलकर मूल परीक्षार्थी की जगह दूसरे व्यक्ति को परीक्षा में बैठाने के लिए बायोमेट्रिक डेटा का मिलान कराता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य परीक्षा पास कराने की व्यवस्था आवेदन भरने के समय से ही शुरू कर देते थे। इसी दौरान मूल अभ्यर्थी और उसकी जगह परीक्षा देने वाले व्यक्ति यानी स्कॉलर के बीच संपर्क और साठगांठ कराई जाती थी। इस तरह परीक्षा में गड़बड़ी का पूरा इंतजाम पहले से तैयार कर लिया जाता था।
एक अभ्यर्थी से 12 से 30 लाख रुपये तक वसूली
जांच एजेंसी के मुताबिक, यूआईडीएआई के कुछ अधिकृत आधार एजेंटों और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों की कथित मिलीभगत से मूल अभ्यर्थी के बायोमेट्रिक विवरण और तस्वीर की जगह स्कॉलर का डेटा अपडेट किया जाता था। इससे परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया को चकमा देना आसान हो जाता था।
इस काम के बदले गिरोह के सदस्य प्रत्येक अभ्यर्थी से 12 लाख से 30 लाख रुपये तक वसूलते थे। जांच के दौरान लखीसराय, हाजीपुर, नवादा और नालंदा के कई बायोमेट्रिक वेंडरों की भूमिका भी सामने आई है। इस मामले में डॉ. रविशंकर, डॉ. उज्ज्वल राज और अश्विनी कुमार पहले से जेल में बंद हैं।
नीट और री-नीट परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर चार मामले दर्ज
तीन मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर नालंदा के गिरियक (पावापुरी) थाने में मामला दर्ज किया गया था। वहीं, 21 जून को हुई री-नीट परीक्षा में कथित धांधली को लेकर लखीसराय के कवैया और किऊल थानों में कुल चार मामले दर्ज किए गए थे।
इसके बाद ईओयू ने 12 अगस्त को इस मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच एजेंसी लगातार आरोपियों की भूमिका और परीक्षा में गड़बड़ी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। इस मामले ने परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के हितों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।






