MPPSC Exam Calendar 2026: 7 सितंबर से शुरू होगी मेन्स परीक्षा, दिसंबर तक जारी रहेंगे इंटरव्यू, जानें पूरा शेड्यूल

Screenshot_2026-01-01_133527_1767254751028_1767254754087_1787391991060_44b3c351-c971-44af-9801-0968ae34b382

भोपाल: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने 2026 की आगामी परीक्षाओं और साक्षात्कारों का प्रस्तावित कैलेंडर जारी किया है। इसके मुताबिक सितंबर से नवंबर के बीच कई अहम भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया सितंबर से दिसंबर तक जारी रहेगी। आयोग की योजना के अनुसार इन भर्ती प्रक्रियाओं की चयन सूचियां 20 दिसंबर तक जारी कर दी जाएंगी।

7 सितंबर से राज्य सेवा मुख्य परीक्षा

कैलेंडर के अनुसार राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 की शुरुआत 7 सितंबर से होगी और यह परीक्षा 12 सितंबर तक चलेगी। छह दिनों की इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को सामान्य अध्ययन के चार प्रश्नपत्रों के अलावा सामान्य हिंदी और हिंदी निबंध का एक-एक प्रश्नपत्र देना होगा। यह वर्णनात्मक परीक्षा होगी, इसलिए इसमें नकारात्मक अंकन लागू नहीं किया गया है। वहीं सहायक योजना अधिकारी और आयुर्वेद विशेषज्ञ जैसे विशेष पदों के लिए भर्ती परीक्षा 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी।

27 सितंबर को होगी वन सेवा मुख्य परीक्षा

राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा की तारीख भी निर्धारित कर दी गई है। यह परीक्षा 27 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इसके बाद अक्टूबर में भी भर्ती परीक्षाओं का सिलसिला जारी रहेगा। आंतरिक लेखा एवं अंकेक्षण अधिकारी और सहायक प्राध्यापक के पदों के लिए भर्ती परीक्षा 4 अक्टूबर को होगी। वहीं सहायक जिला अभियोजन अधिकारी यानी एडीपीओ पद की परीक्षा 18 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। इस पद के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन करते हैं, इसलिए परीक्षा की तारीख महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

नवंबर में इन पदों के लिए परीक्षा

नवंबर में भी आयोग की ओर से महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कृषि विकास अधिकारी, वैज्ञानिक अधिकारी और सांख्यिकी चयन से जुड़े पदों के लिए परीक्षा 22 नवंबर को निर्धारित की गई है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कैलेंडर में दी गई कुछ तिथियां प्रशासनिक निर्णयों और अदालत के आदेशों के अधीन हो सकती हैं। ऐसे में परिस्थितियों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव संभव है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आयोग की आधिकारिक सूचना जरूर जांचते रहें।

सितंबर से दिसंबर तक चलेंगे साक्षात्कार

लिखित परीक्षाओं के साथ अलग-अलग पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार भी जारी रहेंगे। एडीपीओ, कृषि विकास अधिकारी, वैज्ञानिक अधिकारी सहित कई पदों के लिए सितंबर से दिसंबर के बीच साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। आयोग की योजना सभी संबंधित भर्ती प्रक्रियाओं की चयन सूचियां दिसंबर के तीसरे सप्ताह यानी 20 दिसंबर तक जारी करने की है।

अभ्यर्थियों के लिए क्यों अहम है कैलेंडर

परीक्षा तिथियों को लेकर अभ्यर्थियों के बीच लंबे समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब प्रस्तावित कैलेंडर सामने आने के बाद उम्मीदवार अपनी तैयारी को निर्धारित समय के अनुसार व्यवस्थित कर सकते हैं। एक से अधिक परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी यह कार्यक्रम समय प्रबंधन में मददगार होगा। परीक्षा की तारीखें पहले से तय होने के कारण उम्मीदवार पाठ्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास भी बेहतर तरीके से कर सकेंगे। हालांकि, परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी नई सूचना के लिए आयोग की ओर से जारी आधिकारिक अपडेट को ही अंतिम माना जाएगा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र