खराब मौसम का असर: माता वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की सुरक्षित रहने की अपील

20A_32

कटड़ा: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया है। मौसम में सुधार और हालात की समीक्षा के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने को लेकर फैसला लिया जाएगा।

जम्मू-कश्मीर में बारिश का दौर लगातार जारी है। जहां बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं कटड़ा पहुंच रहे माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन के फैसले के बाद कई श्रद्धालुओं में निराशा देखने को मिली, हालांकि उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से उठाए गए इस कदम की सराहना भी की है।

अमरनाथ यात्रा भी मौसम के चलते रोकी गई

खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा को भी कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया है। तीर्थयात्रियों से कहा गया है कि वे अगले आदेश तक बालटाल आधार शिविर और आसपास के लंगर स्थलों पर ही सुरक्षित रहें।

अधिकारियों के अनुसार, मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 19 जुलाई 2026 से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से श्री अमरनाथजी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। दोनों आधार शिविरों से श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता: प्रशासन

कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग की सुरक्षा और मौसम की स्थिति का विस्तृत आकलन करने के बाद यात्रा फिर शुरू करने को लेकर उचित समय पर जानकारी दी जाएगी।

3.76 लाख से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके दर्शन

अधिकारियों के मुताबिक, इस वर्ष चल रही श्री अमरनाथजी यात्रा के दौरान अब तक 3.76 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन लगातार मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

श्रद्धालुओं ने प्रशासन के फैसले को बताया सही

यात्रा रोके जाने के बाद एक श्रद्धालु ने कहा कि वह अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू पहुंचे हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सरकार ने यात्रा रोकने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यात्रा दोबारा शुरू करने से पहले प्रशासन मौसम की स्थिति की जांच करेगा और सुरक्षा के लिए यह निर्णय जरूरी है।

एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि वह खराब मौसम के कारण यात्रा रोके जाने के फैसले से सहमत हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सबसे जरूरी है और यदि मौसम ज्यादा खराब रहता है तो श्रद्धालु प्रशासन के निर्देशों का पालन करेंगे।

उन्होंने आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा की योजना बनाएं और बच्चों व बुजुर्गों को साथ लाने से पहले हालात का ध्यान रखें।

भूस्खलन की आशंका को देखते हुए उठाया गया कदम

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से पहुंचे एक श्रद्धालु ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए यात्रा रोकना जरूरी है, क्योंकि बारिश के दौरान रास्तों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि वह 14 बार अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं और ऐसे हालात यात्रा का हिस्सा होते हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि घर से निकलने से पहले मौसम और यात्रा की स्थिति की जानकारी जरूर लें। उन्होंने कहा कि सरकार हर यात्री की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है।

वैष्णो देवी मार्ग पर पहले भी हुआ था भूस्खलन

माता वैष्णो देवी यात्रा को खराब मौसम की चेतावनी के चलते अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। इससे पहले 8 जुलाई को मंदिर मार्ग पर भूस्खलन हुआ था, लेकिन उस समय यात्रा प्रभावित नहीं हुई थी।

रियासी जिले के कटड़ा क्षेत्र में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मार्ग पर बारिश के कारण हिमकोटी के पास भूस्खलन हुआ था। इसके बाद बैटरी कार सेवा को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। मंदिर बोर्ड ने तुरंत कर्मचारियों और मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया था।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र