चीन की जूता फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड, 28 लोगों की दर्दनाक मौत, मालिक हिरासत में, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए सख्त आदेश
बीजिंग: चीन के फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर में स्थित एक जूता फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से 28 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इमारत कई मंजिलों तक आग और घने धुएं की चपेट में आ गई। घटना के बाद आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने राहत और बचाव कार्यों के लिए संयुक्त टीम मौके पर भेज दी है।
दोपहर में लगी आग, राहत अभियान तुरंत शुरू
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार आग दोपहर करीब 12 बजे लगी। घटना के तुरंत बाद दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को खोज और बचाव अभियान में हरसंभव प्रयास करने, हादसे के कारणों की जांच करने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रपति ने जांच और सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। शहर के फायर विभाग के अनुसार आग जिनजियांग शहर स्थित हुईटेंग शू कंपनी की फैक्ट्री में लगी, जो जूता निर्माण के लिए प्रसिद्ध क्षेत्र में स्थित है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतकों के अलावा कितने लोग घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार आग लगने के दौरान कई लोग इमारत की छत पर फंस गए थे।
फैक्ट्री मालिक और इंचार्ज हिरासत में
हादसे के बाद फैक्ट्री के मालिक और दूसरे जिम्मेदार इंचार्ज को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही कंपनी के बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए गए हैं। सरकारी प्रसारण माध्यम द्वारा जारी वीडियो में फैक्ट्री की बहुमंजिला इमारत का अगला हिस्सा पूरी तरह जला हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि इमारत से घना काला और सफेद धुआं निकलता नजर आया।
237 कर्मचारी मौजूद थे, 213 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
अधिकारियों के मुताबिक जब आग लगी, उस समय फैक्ट्री में 237 कर्मचारी और दो आगंतुक मौजूद थे। बचाव दल ने 213 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मृतकों में दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
ज्वलनशील सामग्री से तेजी से फैली आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई थी। अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाली अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री और चिपकाने वाले रसायन बड़ी मात्रा में मौजूद थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। इन सामग्रियों के कारण मौके पर तेज गंध फैल गई और धुएं से आंखों में जलन की स्थिति पैदा हो गई। वहीं सीढ़ियों पर सामान रखे होने की वजह से बचाव और आग बुझाने के कार्य में भी बाधा आई।





