मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला! एक ही रनवे पर पहुंचे दो विमान, ATC ने ऐन वक्त पर रुकवाई टेक-ऑफ प्रक्रिया
नई दिल्ली: मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की सतर्कता से दो विमानों के बीच संभावित टक्कर टल गई। घटना उस समय हुई जब एक विमान अभी रनवे से पूरी तरह बाहर नहीं निकला था और उसी रनवे से दूसरे विमान की उड़ान प्रक्रिया शुरू हो गई। समय रहते एटीसी ने हस्तक्षेप करते हुए टेक-ऑफ रन तत्काल रोकने के निर्देश दिए, जिसके बाद विमान सुरक्षित रूप से वापस बे में लौट गया।
लैंडिंग के दौरान दूसरे विमान ने शुरू कर दी थी उड़ान की तैयारी
जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी से मुंबई पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट ने रनवे पर लैंडिंग की थी। यह विमान अभी रनवे से पूरी तरह नहीं हट पाया था कि उसी रनवे से एयर इंडिया की दूसरी उड़ान ने टेक-ऑफ की प्रक्रिया शुरू कर दी। दोनों विमानों के एक ही रनवे पर होने की स्थिति बनते ही एटीसी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एयर इंडिया के विमान को टेक-ऑफ रोकने का निर्देश दिया।
बोइंग 777-300 और बोइंग 737 मैक्स-8 विमान थे शामिल
बताया गया है कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई816 में बोइंग 777-300 विमान था, जबकि सिलीगुड़ी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या एआईएक्स1547 बोइंग 737 मैक्स-8 विमान थी। एटीसी के निर्देश मिलते ही एयर इंडिया के चालक दल ने टेक-ऑफ प्रक्रिया तत्काल रोक दी और विमान को सुरक्षित रूप से वापस बे में ले जाया गया।
एयर इंडिया ने जारी किया बयान
घटना के बाद एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि चालक दल ने एटीसी के निर्देशों का पालन करते हुए टेक-ऑफ प्रक्रिया बीच में ही रोक दी और विमान को वापस बे में ले जाया गया। एयरलाइन के अनुसार, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत विमान की आवश्यक तकनीकी जांच कराई जाएगी। साथ ही यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।





