JEE Main 2027 में आवेदन का रिकॉर्ड टूटा, 15.84 लाख ने कराया रजिस्ट्रेशन; 67 हजार सीटों के लिए होगी कड़ी टक्कर
इससे पहले जनवरी सत्र के लिए वर्ष 2024 में 12.21 लाख, 2025 में 13.11 लाख और 2026 में 13.55 लाख सफल आवेदन दर्ज किए गए थे। इस बार इन सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया गया है।
26 नवंबर 2026 को विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का आखिरी दिन है। जिन अभ्यर्थियों ने अब तक आवेदन पूरा नहीं किया है, वे रात 11:50 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।
हर साल बढ़ रही सफल आवेदनों की संख्या
जेईई मेन के जनवरी सत्र में फीस जमा कर आवेदन पूरा करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2024 में 12.21 लाख, 2025 में 13.11 लाख और 2026 में 13.55 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी की थी। वर्ष 2027 में यह आंकड़ा बढ़कर 14,06,780 पहुंच गया है।
परीक्षा में वास्तव में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी हर साल बढ़ी है। वर्ष 2024 में 11.70 लाख, 2025 में 12.58 लाख और 2026 में 13.04 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
67 हजार से ज्यादा सीटों पर दाखिले के लिए मुकाबला
जेईई मेन के स्कोर के आधार पर देश के 32 एनआईटी, 26 ट्रिपल आईटी और 47 जीएफटीआई संस्थानों में प्रवेश मिलेगा। वहीं, 23 आईआईटी में दाखिले के लिए जेईई एडवांस्ड की परीक्षा पास करनी होगी। वर्ष 2027 की जेईई एडवांस्ड परीक्षा 23 मई को आयोजित की जाएगी।
जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) के माध्यम से इन संस्थानों की 67 हजार से अधिक सीटों पर दाखिला होगा। जेईई मेन के आधार पर चुने गए शीर्ष 2.50 लाख अभ्यर्थी जेईई एडवांस्ड में शामिल होने के पात्र होंगे। इनमें सामान्य वर्ग के 1,01,250, ईडब्ल्यूएस के 25,000, ओबीसी के 67,500, एससी के 37,500 और एसटी वर्ग के 18,750 विद्यार्थी शामिल होंगे।
2026 के आंकड़ों के मुताबिक, संस्थानों में सीटों की स्थिति
- आईआईटी: 18,951 सीटें
- एनआईटी: 25,162 सीटें
- आईआईआईटी: 11,518 सीटें
- जीएफटीआई: 11,692 सीटें
20 जनवरी से शुरू होगी जेईई मेन की परीक्षा
जेईई मेन 2027 के पहले सत्र की परीक्षाएं जनवरी में छह दिनों तक आयोजित होंगी। परीक्षा 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को होगी। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है।
जेईई मेन में दो पेपर होते हैं। पेपर-1 बीई और बीटेक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित किया जाता है। इसके स्कोर के आधार पर एनआईटी, आईआईआईटी और अन्य केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों में इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है। वहीं, पेपर-2 बीआर्क और बी प्लानिंग पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होता है।
27 से 29 नवंबर तक आवेदन में सुधार का मौका
विलंब शुल्क के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनटीए 27 से 29 नवंबर तक करेक्शन विंडो खोलेगा। इस दौरान विद्यार्थी अपने आवेदन फॉर्म में दर्ज गलतियों को सुधार सकेंगे।
रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने वालों की संख्या में अंतर क्यों?
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के करियर काउंसलिंग विशेषज्ञ अमित आहूजा के मुताबिक, इस बार बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी सामने आए हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन तो कराया, लेकिन परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया। रजिस्ट्रेशन और सफल आवेदन के आंकड़ों में अंतर की कुछ अहम वजहें हैं।
पहली बार एनटीए ने विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद भी आवेदन में गलती होने पर नया फॉर्म भरने का विकल्प दिया है। ऐसे में नाम, माता-पिता के नाम, शैक्षणिक जानकारी, फोटो, परीक्षा का माध्यम, श्रेणी या संबंधित दस्तावेजों का विवरण गलत होने पर कई विद्यार्थी शुल्क जमा करने के बजाय दोबारा रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं।
इसके अलावा लाइव फोटो का मिलान नहीं होने के कारण भी दोबारा आवेदन किए जा रहे हैं। कई विद्यार्थियों ने आधार कार्ड में बाद में अपना नाम या फोटो अपडेट कराया, लेकिन आवेदन पुराने आधार कार्ड के आधार पर कर दिया। ऐसे अभ्यर्थी भी नए सिरे से रजिस्ट्रेशन करते दिखाई दे रहे हैं।






