एजबेस्टन में भारत का दमदार विजय अभियान! गिल की कप्तानी, अक्षर का ऑलराउंड शो, 5 वजहों से ऐतिहासिक बनी इंग्लैंड पर जीत

photo8-6

बर्मिंघम: भारतीय टीम ने एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। कप्तान शुभमन गिल की शानदार अर्धशतकीय पारी और अक्षर पटेल के बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 259 रन का लक्ष्य 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए शुभमन गिल ने 75 गेंदों में 80 रन की कप्तानी पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। हालांकि, हैमस्ट्रिंग और ऐंठन की समस्या के चलते वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।

इसके बाद अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने पारी को संभालते हुए पांचवें विकेट के लिए नाबाद 102 रन की साझेदारी की। अक्षर पटेल ने नाबाद 57 रन बनाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 52 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को शानदार जीत दिलाई।

गेंदबाजों ने पलटा मुकाबला

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने बिना विकेट गंवाए 61 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की थी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए मेजबान टीम का स्कोर 107 रन पर छह विकेट कर दिया।

हालांकि, जो रूट ने नाबाद 76 रन और लियाम डॉसन ने 68 रन की पारी खेलते हुए सातवें विकेट के लिए 121 रन जोड़े और इंग्लैंड को 258 रन तक पहुंचाया। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने चार विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ ने दो-दो विकेट हासिल किए।

11 साल बाद एजबेस्टन में इंग्लैंड को मिली हार

एजबेस्टन वनडे में इंग्लैंड का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। वर्ष 2015 से मेजबान टीम ने इस मैदान पर लगातार आठ वनडे मुकाबले जीते थे। भारत ने इससे पहले 2014 में यहां इंग्लैंड को हराया था और अब 2026 में एक बार फिर इस मैदान पर जीत दर्ज की है।

इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छठी वनडे जीत

भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में लगातार छठी जीत दर्ज की। यह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे प्रारूप में भारत की सबसे लंबी लगातार जीत का सिलसिला बन गया है।

एजबेस्टन पर फिर चमके शुभमन गिल

एजबेस्टन का मैदान एक बार फिर शुभमन गिल के लिए यादगार साबित हुआ। पिछले वर्ष इसी मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में 269 और 161 रन की पारियां खेलने वाले गिल ने इस बार वनडे में कप्तानी पारी खेलते हुए 80 रन बनाए और अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी।

अक्षर पटेल ने दिया करारा जवाब

टी20 श्रृंखला में आलोचनाओं का सामना करने वाले अक्षर पटेल ने वनडे में बेहतरीन वापसी की। उन्होंने गेंदबाजी में चार विकेट लेकर इंग्लैंड की कमर तोड़ी और फिर दबाव के बीच नाबाद 57 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

दौरे की पहली जीत से बढ़ा आत्मविश्वास

इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 मुकाबलों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद भारतीय टीम ने इस दौरे की पहली जीत दर्ज की। एजबेस्टन में मिली यह सफलता आगामी मुकाबलों के लिए टीम का मनोबल बढ़ाने वाली मानी जा रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------