पहलगाम हमले की बरसी से पहले भारतीय सेना का सख्त संदेश, ‘भारत एकजुट है, न्याय मिल चुका है और सीमाएं लांघने वालों को मिला करारा जवाब’
पहलगाम आतंकी हमले की बरसी से ठीक एक दिन पहले भारतीय सेना ने कड़ा और स्पष्ट संदेश जारी किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए इस संदेश में सेना ने आतंकवाद के खिलाफ अपने रुख को दोहराते हुए कहा कि जब इंसानियत की सीमाएं पार होती हैं, तो जवाब भी उतना ही निर्णायक होता है। सेना ने अपने आधिकारिक पोस्ट में लिखा, “न्याय मिल गया है। भारत एकजुट है।” इसके साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का लोगो साझा करते हुए यह भी संदेश दिया गया कि “कुछ सीमाएं कभी नहीं लांघी जानी चाहिए। भारत कभी भूलता नहीं है।”
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए दिया गया था मुंहतोड़ जवाब
दरअसल, यह बयान पिछले वर्ष 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में सामने आया है, जिसमें कई निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी। इस हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया था। इस सैन्य अभियान का उद्देश्य आतंकियों को स्पष्ट संदेश देना और हमले के जिम्मेदार ढांचों को नष्ट करना था।
पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ढांचों पर सटीक प्रहार
सेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। यह कार्रवाई पूरी तरह सटीक और योजनाबद्ध तरीके से की गई थी, ताकि आतंकवाद के उन नेटवर्क्स को खत्म किया जा सके, जहां से भारत के खिलाफ साजिशें रची जा रही थीं।
आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट और केंद्रित रणनीति
भारतीय सेना ने साफ किया कि यह कार्रवाई केवल आतंकवादी ढांचों तक सीमित थी और इसका उद्देश्य किसी भी निर्दोष को नुकसान पहुंचाना नहीं था। इस ऑपरेशन के जरिए भारत ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता से समझौता नहीं किया जाएगा और हर हमले का जवाब सख्ती से दिया जाएगा।



