BFUHS फार्मेसी परीक्षा में हाईटेक चीटिंग गैंग का भंडाफोड़! 25 परीक्षार्थी समेत 35 गिरफ्तार, सरकार ने पेपर लीक से किया इनकार

ANI-20260503261-0_1777853421350_1777853433402_1785563908049_1102fd11-caec-4b6b-a6cb-efd6858987f8

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (बीएफयूएचएस) की फार्मेसी परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 10 आरोपियों और 25 परीक्षार्थियों सहित कुल 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह पेपर लीक का मामला नहीं, बल्कि तकनीकी उपकरणों के जरिए संगठित तरीके से नकल कराने का मामला है।

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में कहा कि प्रारंभिक जांच में पेपर लीक के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और तकनीक का इस्तेमाल कर परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान नकल कराने का काम कर रहा था।

उन्नत तकनीक से कराया जा रहा था नकल

शिक्षा मंत्री के अनुसार, पंजाब पुलिस ने ऐसे संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है, जो परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की मदद के लिए आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करता था। जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस गिरोह का संचालन हरियाणा के भिवानी से एक मुख्य आरोपी कर रहा था। साथ ही संगठित परीक्षा नकल पर रोक लगाने में विफल रहने को लेकर हरियाणा सरकार की भी आलोचना की। बैंस ने कहा कि भगवंत मान सरकार पंजाब की शिक्षा व्यवस्था की साख से किसी भी तरह का समझौता नहीं होने देगी।

खुफिया सूचना के बाद चला संयुक्त अभियान

पुलिस महानिरीक्षक (फरीदकोट रेंज) नीलांबरी जगदाले ने बताया कि 19 जुलाई को बीएफयूएचएस की फार्मेसी परीक्षा के दौरान नकल कराने की साजिश की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद काउंटर इंटेलिजेंस विंग तथा फरीदकोट और फिरोजपुर रेंज की पुलिस टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरोह का भंडाफोड़ किया।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह का नेटवर्क कितना व्यापक था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र