हेनरिक क्लासेन ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने

befunky-collage-2026-05-23t084800-1779506305

हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल 2026 में नया इतिहास रच दिया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में क्लासेन ने तूफानी अर्धशतक जमाते हुए ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो अब तक दुनिया का कोई भी बल्लेबाज नहीं बना सका था।

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में क्लासेन ने सिर्फ 24 गेंदों में 51 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने मैदान के चारों ओर आक्रामक शॉट लगाए और आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।

T20 क्रिकेट में बनाया बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस अर्धशतकीय पारी के साथ हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल 2026 में अपने कुल रन 606 तक पहुंचा दिए। खास बात यह रही कि उन्होंने ये सभी रन नंबर-4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए बनाए हैं। इसी के साथ क्लासेन T20 क्रिकेट इतिहास में नंबर-4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी एक टूर्नामेंट में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

अब तक इस सूची में किसी बल्लेबाज ने 600 रन का आंकड़ा नहीं छुआ था। क्लासेन ने अपने दमदार प्रदर्शन से यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली।

नंबर-4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी T20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन

606* — हेनरिक क्लासेन (सनराइजर्स हैदराबाद)
579 — ऋषभ पंत (दिल्ली कैपिटल्स)
573 — रियान पराग (राजस्थान रॉयल्स)

SRH ने खड़ा किया 255 रन का विशाल स्कोर

मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 56 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 44 गेंदों में 79 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन के बीच तीसरे विकेट के लिए 113 रन की शानदार साझेदारी हुई, जिसने मैच का पूरा रुख बदल दिया। आखिरी ओवरों में नीतिश कुमार रेड्डी ने भी 12 गेंदों में 29 रन की विस्फोटक पारी खेली। इसकी बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 255/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

ऑरेंज कैप की रेस में भी चमके क्लासेन

हेनरिक क्लासेन का यह सीजन अब तक बेहद शानदार रहा है। मिडिल ऑर्डर में उतरकर लगातार तेज रन बनाना और टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालना उनकी सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। यही वजह है कि वह इस समय ऑरेंज कैप की दौड़ में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। उनसे आगे सिर्फ साई सुदर्शन और शुभमन गिल हैं।