सोने की खदान बनी मौत का कुआं, सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक में 30 खनिकों की मौत; कई अब भी मलबे में फंसे

0191 (1)

नई दिल्ली: सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक के पश्चिमी हिस्से में मंगलवार सुबह सोने की एक छोटी खदान ढहने से बड़ा हादसा हो गया। अधिकारियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, खदान के मलबे में दबने से कम से कम 30 खनिकों की मौत हो गई है। वहीं, कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसा नाना-मामबेरे इलाके के अब्बा क्षेत्र में हुआ। घटना के बाद खदान में काम कर रहे लोगों और स्थानीय स्तर पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।

कई घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए 30 शव

हादसे में जीवित बचे एक खनिक फ्लोरियन गागुएंडे ने बताया कि बचावकर्मी मलबे में फंसे अन्य खनिकों की तलाश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, समय बीतने के साथ फंसे लोगों के जिंदा मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है।

उप क्षेत्र के डिप्टी मेयर सुलेमान बी ने बताया कि बचावकर्मियों और स्थानीय लोगों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद खदान से 30 शव बाहर निकाले हैं। हादसे में घायल हुए खनिकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी

सुलेमान बी ने हादसे को भयावह बताते हुए अन्य संगठनों से बचाव अभियान में मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सभी को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।

घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। स्थानीय लोग और बचावकर्मी मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। सरकारी प्रवक्ता ने भी हादसे पर दुख जताया है और कहा है कि फंसे लोगों को निकालने के साथ घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र