EPFO की नई WhatsApp सेवा शुरू, ‘Hi’ भेजते ही मिलेगी PF बैलेंस और पासबुक की जानकारी

2A_31
नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों के लिए नई व्हाट्सएप सेवा शुरू की है। इसके जरिए कर्मचारी अब घर बैठे अपने पीएफ खाते का बैलेंस, हाल के लेन-देन और पासबुक से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए सदस्यों को दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर सिर्फ ‘Hi’ लिखकर संदेश भेजना होगा।

इस सेवा की शुरुआत केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को की। ईपीएफओ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर नई सुविधा और इसे इस्तेमाल करने का तरीका बताया है।

अब मिलेंगी पीएफ खाते की ये जानकारियां

ईपीएफओ की नई व्हाट्सएप सेवा के माध्यम से सदस्य कई तरह की सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। इनमें पीएफ खाते का बैलेंस चेक करना, पिछले पांच लेन-देन की जानकारी प्राप्त करना और खाते की पासबुक डाउनलोड करना शामिल है।

संगठन ने इस सुविधा के लिए व्हाट्सएप नंबर 8796441800 जारी किया है। सदस्य इस नंबर के जरिए चैटबॉट से जुड़कर अपनी जरूरत के मुताबिक सेवाओं का चयन कर सकते हैं। ईपीएफओ ने सीधे जुड़ने के लिए क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।

व्हाट्सएप नंबर से ऐसे चेक करें PF बैलेंस

नई सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए इन आसान चरणों का पालन करना होगा:

  1. सबसे पहले 8796441800 नंबर अपने मोबाइल में सेव करें।
  2. व्हाट्सएप खोलकर इस नंबर पर चैट शुरू करें।
  3. चैट में ‘Hi’ लिखकर संदेश भेजें।
  4. इसके बाद मांगी गई सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें।
  5. ध्यान रखें कि जिस मोबाइल नंबर से चैट कर रहे हैं, वह आपके UAN से जुड़ा होना चाहिए।
  6. सत्यापन पूरा होने के बाद अपनी जरूरत के अनुसार सेवा चुनें।
  7. पीएफ बैलेंस, पिछले पांच लेन-देन या पासबुक डाउनलोड का विकल्प चुनकर संबंधित जानकारी प्राप्त करें।

QR कोड स्कैन करके भी ले सकते हैं सेवा का लाभ

ईपीएफओ की ओर से साझा किए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके भी व्हाट्सएप सेवा से जुड़ा जा सकता है। इसके बाद चैटबॉट पर ‘Hi’ भेजना होगा।

सदस्य अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं। इसके बाद स्क्रीन पर चार विकल्प दिखाई देंगे। इनमें पीएफ बैलेंस, पिछले पांच लेन-देन, पासबुक डाउनलोड और भाषा बदलने की सुविधा शामिल है।

अपनी जरूरत के मुताबिक विकल्प चुनने पर उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस सुविधा से पीएफ खाते से जुड़ी सामान्य जानकारियां हासिल करने के लिए सदस्यों को बार-बार अन्य माध्यमों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र