डॉक्टर दिनेश शर्मा तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए

WhatsApp Image 2024-08-13 at 8.39.59 AM

भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर युवा मोर्चा द्वारा आयोजित मध्य विधानसभा तिरंगा बाइक रैली को राज्यसभा सांसद डॉक्टर दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री लखनऊ प्रभारी संजय राय और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने झंडी दिखाकर रवाना किया और उसके बाद जनप्रतिनिधियों मोहसिन राजा, मनीष गुप्ता, रजनीश गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग,अभिषेक खरे के साथ जीप में सवार हुए और सभी हाथ में तिरंगा झंडा लहराते यात्रा में सम्मिलित हुए।

भाजपा लखनऊ महानगर कैसरबाग कार्यालय से आरंभ बाइक रैली युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, महामंत्री अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी दो पहिया वाहनों पर हाथ में झंडा लहराते हुए और भारत माता की जय कारे लगाते हुए हुसैनगंज चौराहा, विधानसभा, हजरतगंज चौराहा, केडी सिंह बाबू स्टेडियम होते हुए शहीद स्मारक पर समापन हुआ।

यात्रा शुभारंभ अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की अखंडता अस्मिता का और एकता का प्रतीक है। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि पूरे देश के हर घर में तिरंगा झंडा लहराएंगे। 14 अगस्त को हम विभाजन विभीषिका दिवस भी मनाएंगे। कांग्रेस ने पहले हिंदुस्तान पाकिस्तान का बंटवारा किया और उसके बाद बांग्लादेश विभाजन भी करवाया। बांग्लादेश के एक करोड़ अल्पसंख्यकों के खिलाफ यदि कोई कार्यवाही होती है तो पूरा हिंदुस्तान उनके साथ खड़ा है। हाथ उठाकर सभी को शपथ दिलाई कि हम सब भारतवासी यह संकल्प लेते हैं कि देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे अगर किसी ने भारत की तरफ आंख उठा कर देखा तो हम उसको ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। हम एक हैं मोदी जी के नेतृत्व में इस भारतवर्ष को हम विकसित भारत बनाएंगे हम सब भारतीय हर घर में तिरंगा फहराएंगे। इसके साथ ही सभी ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारे के साथ बाइक रैली आरंभ की।

महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक कार्यकर्ता सभी घरों और व्यावसायिक केंद्र पर झंडा खरीद कर लगाने के लिए जनसंपर्क कर आवाहन करेंगे और जो खरीदने में सक्षम नहीं है उनको झंडा उपलब्ध कराएंगे। मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि तिरंगा यात्रा में गिरीश गुप्ता, रमेश तूफानी, मंडल अध्यक्ष आनंद पांडे, हिमांशु राज सोनकर, जितेंद्र राजपूत, अतुल दीक्षित, शिव शंकर विश्वकर्मा सहित पार्षद गण और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी दो पहिया वाहनों पर रैली का प्रतिनिधित्व करती सम्मिलित हुई।