ईरान-अमेरिका तनाव से उछला कच्चा तेल, 100 डॉलर की ओर बढ़े दाम, क्या भारत में महंगा होगा पेट्रोल-डीजल?
नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब वैश्विक तेल बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें एक महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गई हैं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी चाल 100 डॉलर प्रति बैरल की ओर बढ़ती नजर आ रही है। हालांकि, भारत में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड की कीमत में 3.8 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई और यह 91 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। वहीं, ईरानी मीडिया के अनुसार अमेरिकी सेना ने फारस की खाड़ी स्थित केश्म द्वीप और ईरान के दक्षिणी शहरों शादेगान, सिरिक और हाजीआबाद में हमले किए हैं।
ब्रेंट और डब्ल्यूटीआई दोनों में आई तेजी
20 जुलाई की सुबह ब्रेंट क्रूड 2.78 डॉलर की बढ़त के साथ 90.55 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। वहीं, डब्ल्यूटीआई कच्चा तेल 2.39 डॉलर की तेजी के साथ 84.46 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले बड़े युद्ध के दौरान ब्रेंट क्रूड 126 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई 119 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर तक पहुंच गया था।
भारत में आज नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद भारत में 20 जुलाई को पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। देश में सबसे सस्ता पेट्रोल पोर्ट ब्लेयर में 88.66 रुपये प्रति लीटर और डीजल 84.56 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं, सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 118.34 रुपये और डीजल 106.06 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। दोनों शहरों के बीच पेट्रोल की कीमत में करीब 30 रुपये और डीजल में लगभग 21.50 रुपये प्रति लीटर का अंतर है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के ताजा भाव
आगरा में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। लखनऊ में पेट्रोल 102.05 रुपये और डीजल 99.28 रुपये प्रति लीटर है। अयोध्या में पेट्रोल 102.40 रुपये और डीजल 99.27 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।
जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपये और डीजल 97.78 रुपये प्रति लीटर है, जबकि पटना में पेट्रोल 112.70 रुपये और डीजल 99.87 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है।
भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, इंदौर में पेट्रोल 114.61 रुपये और डीजल 99.70 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर, चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर तथा मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है।
क्या आने वाले दिनों में बढ़ सकते हैं ईंधन के दाम?
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा स्थिति केवल कच्चे तेल की सामान्य बाजार गतिविधि नहीं है। पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव, ईरान से जुड़े घटनाक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य में शिपिंग पर पड़ने वाले संभावित असर ने वैश्विक ऊर्जा बाजार की चिंता बढ़ा दी है। यदि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी लगातार बनी रहती है, तो आने वाले समय में भारत समेत कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर इसका असर देखने को मिल सकता है।





