चित्रकूट से बांदा तक सीएम योगी का बड़ा दौरा, 709 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात, करेंगे कामदगिरि परिक्रमा

9A_8

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 9 जुलाई को चित्रकूट और बांदा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चित्रकूट में कामदगिरि की परिक्रमा और पूजा-अर्चना करेंगे, जबकि बांदा में जनसभा को संबोधित करने के साथ करीब 709 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था और विकास कार्यों, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चित्रकूट में करेंगे कामदगिरि की परिक्रमा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले चित्रकूट के न्यू सर्किट हाउस से कामदगिरि परिक्रमा स्थल स्थित बरहा के हनुमान मंदिर पहुंचेंगे। यहां दर्शन-पूजन के बाद वह कामदगिरि की लगभग 6 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करेंगे, जिसे करीब एक घंटे में पूरा किया जाएगा। परिक्रमा समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री दोबारा हनुमान मंदिर पहुंचेंगे और वहां से न्यू सर्किट हाउस लौटेंगे।

बांदा में जनसभा को करेंगे संबोधित

चित्रकूट कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री बांदा पहुंचेंगे, जहां पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह बांदा जिले की बबेरू और बांदा सदर विधानसभा क्षेत्रों के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

709 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री बांदा जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 709 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें पहले से पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण और नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

बांदा सदर और बबेरू को मिलेंगी नई परियोजनाएं

बांदा सदर विधानसभा क्षेत्र में 171 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 45 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 65 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हुए 64 विकास कार्यों का भी मुख्यमंत्री उद्घाटन करेंगे।

इसके अलावा बांदा सदर में 425 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 40 नई परियोजनाओं तथा बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 47 करोड़ रुपये की लागत वाले 80 विकास कार्यों का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

रानी अवंति बाई लोधी की प्रतिमा का भी कर सकते हैं अनावरण

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शहर के कालूकुआ चौराहे पर स्थापित रानी अवंति बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण भी कर सकते हैं। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र