सीएम योगी का बड़ा ऐलान! जल्द लागू होगा आउटसोर्स कमीशन, न्यूनतम मानदेय की भी होगी व्यवस्था

106-2

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा प्रशासनिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगले एक से डेढ़ सप्ताह के भीतर आउटसोर्स कमीशन लागू करने जा रही है। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों और ग्राम चौकीदारों को भी उचित मानदेय उपलब्ध कराने के लिए अनुपूरक बजट में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।

विधानसभा सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि विधायिका जनता की आवाज उठाने का सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है। उन्होंने कहा कि सदन का समय जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा और प्रभावी समाधान के लिए उपयोग किया जाना चाहिए।

जनप्रतिनिधियों से जनसमस्याएं उठाने की अपील

सत्र के पहले दिन पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा, समीक्षा और समाधान का प्रमुख माध्यम है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच लगातार संवाद की परंपरा ने प्रदेश में कई सकारात्मक बदलावों का मार्ग प्रशस्त किया है।

किसानों का जीवन बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से छह करोड़ से अधिक गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय और जीवन स्तर में सुधार लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच कई चीनी मिलें बंद हुईं और किसानों के हितों की अनदेखी की गई। उस दौरान गन्ना किसानों का भुगतान लंबे समय तक लंबित रहता था, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

सरकार ने किसानों के भुगतान की व्यवस्था सुधारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों की उपज की सीधी खरीद सुनिश्चित कर रही है और गन्ना मूल्य का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में कराया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि किसान और युवा सरकार की प्राथमिकता में हैं तथा उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

राम मंदिर मुद्दे पर विपक्ष पर साधा निशाना

अयोध्या के राम मंदिर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज राम मंदिर के मुद्दे को वही लोग उठा रहे हैं जिन्होंने अतीत में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं और न्यायालय में राम मंदिर निर्माण का विरोध करने के लिए वकीलों की टीम खड़ी की थी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र