China Export: चीन के निर्यात में जोरदार उछाल, अगस्त में 25% की बढ़ोतरी से व्यापार अधिशेष भी बढ़ा

2026_9image_12_47_139896634export-ll

बैंकॉक: चीन के निर्यात में अगस्त के दौरान सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मोटर वाहन और उच्च प्रौद्योगिकी वाले सामान की मजबूत मांग ने निर्यात को गति दी। इससे चीन का व्यापार अधिशेष भी बढ़कर 119.1 अरब डॉलर पहुंच गया। जुलाई में यह आंकड़ा 112.5 अरब डॉलर था।

जुलाई में चीन का निर्यात सालाना आधार पर 23.9 प्रतिशत बढ़ा था। वहीं अगस्त में आयात में भी 28.2 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई, जबकि जुलाई में आयात 27.5 प्रतिशत बढ़ा था।

अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष 29.2 अरब डॉलर

अमेरिका और अन्य देशों के साथ चीन के लगातार बढ़ते व्यापार अधिशेष को लेकर नीति-निर्माताओं की चिंता बनी हुई है। पिछले साल चीन का व्यापार अधिशेष रिकॉर्ड 1.2 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच गया था। हालांकि, चीन का कहना है कि उसका व्यापार अधिशेष को अधिकतम करने का कोई लक्ष्य नहीं है।

अगस्त में अमेरिका को चीन का निर्यात सालाना आधार पर 34.4 प्रतिशत बढ़कर 42.5 अरब डॉलर हो गया। इसकी प्रमुख वजह पिछले साल अमेरिका की ओर से लगाए गए ऊंचे शुल्क बताए गए हैं, जिनके चलते उस समय चीन का निर्यात घट गया था। आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में चीन को अमेरिका का निर्यात 13.3 अरब डॉलर रहा। इस तरह चीन के पक्ष में करीब 29.2 अरब डॉलर का व्यापार अधिशेष दर्ज हुआ।

ईयू और दक्षिण-पूर्व एशिया में भी बढ़ा निर्यात

चीन के निर्यात में अन्य प्रमुख बाजारों में भी बढ़ोतरी हुई है। यूरोपीय संघ को निर्यात 6.6 प्रतिशत बढ़ा। वहीं दक्षिण-पूर्व एशिया को निर्यात में 30.2 प्रतिशत और लातिन अमेरिका को निर्यात में 17.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

नीदरलैंड के बैंक आईएनजी में ग्रेटर चीन के मुख्य अर्थशास्त्री लिन सॉन्ग ने कहा कि चीन का निर्यात लगातार आयात से अधिक बना हुआ है और इस साल व्यापार अधिशेष के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना है।

वाहनों के निर्यात में 43% और सेमीकंडक्टर में 129.8% उछाल

सीमा शुल्क के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में चीन के वाहनों का निर्यात सालाना आधार पर 43 प्रतिशत बढ़ा। वहीं सेमीकंडक्टर के निर्यात में 129.8 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई। इन क्षेत्रों की मजबूत मांग ने चीन के कुल निर्यात प्रदर्शन को मजबूती दी है।

रियल एस्टेट संकट के बीच अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने की कोशिश

निर्यात में मजबूत वृद्धि के बावजूद घरेलू स्तर पर चीन की अर्थव्यवस्था को गति देने की चुनौती बनी हुई है। कई वर्षों से जारी रियल एस्टेट क्षेत्र के संकट के बाद देश में खपत और निवेश कमजोर बने हुए हैं।

चीन की सरकार ने रविवार को कहा था कि अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद के लिए वह सरकारी बैंकों और बीमा कंपनियों में करीब 54 अरब डॉलर डालेगी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र