कोलकाता में गैंगरेप के बाद ममता सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरी BJP, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार हिरासत में

नई दिल्ली: कोलकाता के एक लॉ कॉलेज में छात्रा के साथ हुए कथित गैंगरेप की घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान, पुलिस ने केंद्रीय मंत्री और बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजूमदार को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए जाने के बाद सुकांता मजूमदार ने कहा कि यह बंगाल में लोकतंत्र का असली चेहरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने राज्य में लोकतंत्र को समाप्त कर दिया है और पुलिस ने उन्हें और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।

इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मनोज पंत को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। एनसीडब्ल्यू ने आयोग के एक सदस्य और पीड़िता तथा उसके परिवार के बीच बैठक के लिए राज्य पुलिस से सहयोग भी मांगा है।
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहातकर ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि इसने लोगों को झकझोर दिया है। आयोग ने शुक्रवार को मामला सामने आने के बाद स्वतः संज्ञान लिया था और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया है। इससे पहले, आयोग की अध्यक्ष ने कोलकाता के पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा को भी पत्र लिखकर मामले की तत्काल और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए थे।
