उज्ज्वला योजना के करोड़ों लाभार्थियों को बड़ा झटका! अब साल में सिर्फ 4 सिलेंडर पर मिलेगी सब्सिडी, बदले नियम

00000000-7

नई दिल्ली: घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बाद अब प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए एक और बड़ा बदलाव सामने आया है। केंद्र सरकार ने योजना के तहत रियायती सिलेंडरों की संख्या में कटौती कर दी है। नए नियमों के अनुसार अब लाभार्थियों को सालभर में केवल चार सिलेंडरों पर ही प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से सब्सिडी का लाभ मिलेगा।

9 से घटाकर 4 सिलेंडर किया गया कोटा

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक लाभार्थियों को साल में नौ रिफिल पर सब्सिडी का लाभ दिया जाता था। लेकिन सरकार ने इस संख्या को घटाकर केवल चार कर दिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार यह फैसला उज्ज्वला परिवारों की औसत वार्षिक गैस खपत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

मंत्रालय का कहना है कि अधिकांश लाभार्थी परिवार सालभर में औसतन चार रिफिल का ही उपयोग करते हैं, इसलिए वित्तीय सहायता को वास्तविक खपत के अनुरूप बनाया गया है।

पहले चार सिलेंडरों पर मिलेगी 300 रुपये की सब्सिडी

नई व्यवस्था के तहत योजना के पात्र परिवारों को पहले चार रिफिल पर प्रति सिलेंडर 300 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। इससे पहले लाभार्थियों को साल में नौ रिफिल तक इस सुविधा का लाभ मिलता था।

2016 में हुई थी योजना की शुरुआत

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में की गई थी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना था। योजना की शुरुआत में लाभार्थियों को सालाना 12 रियायती घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते थे।

बाद में इस संख्या को घटाकर नौ किया गया और अब इसे और कम करते हुए चार कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि यह बदलाव लाभार्थियों की वास्तविक जरूरतों और खपत के आंकड़ों के आधार पर किया गया है।

सब्सिडी में भी हुआ था बड़ा बदलाव

सरकार ने मई 2022 में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर 200 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी शुरू की थी। इसके बाद अक्टूबर 2023 में इसे बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया। यह सहायता राशि प्रत्येक रिफिल के बाद सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जाती है।

महंगे सिलेंडर के बीच कितना देना होगा भुगतान

हाल ही में 7 जून को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो गई है। इससे पहले मार्च में भी कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।

ऐसे में 300 रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को पहले चार सिलेंडरों के लिए प्रति रिफिल 642 रुपये का भुगतान करना होगा।

सरकार ने दिए 52 हजार करोड़ रुपये

पेट्रोलियम मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 से अब तक एलपीजी सब्सिडी के रूप में लगभग 52 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद घरेलू गैस की मौजूदा कीमतों को देखते हुए सरकारी तेल विपणन कंपनियां प्रत्येक 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर करीब 700 रुपये का नुकसान उठा रही हैं।

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र