UP PCS अधिकारियों के लिए बड़ी सौगात, 33 IAS पदों पर प्रमोशन की DPC 10 जून को दिल्ली में होगी अहम बैठक

3-5

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पीसीएस अधिकारियों के लिए बड़ी प्रशासनिक राहत और करियर ग्रोथ का रास्ता खुल गया है। राज्य में 33 आईएएस पदों पर पदोन्नति को लेकर विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अहम बैठक 10 जून को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में 2010, 2011 और 2012 बैच के पीसीएस अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा।

केंद्र से मिले 33 IAS पद, चयन प्रक्रिया तेज
नियुक्ति विभाग के अनुसार केंद्र सरकार ने चयन वर्ष 2025 के लिए उत्तर प्रदेश को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) पदोन्नति कोटे के तहत 33 पद आवंटित किए हैं। इन पदों के मिलने के बाद 2010 और 2011 बैच के पीसीएस अधिकारियों के लिए आईएएस बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।

2010, 2011 के साथ 2012 बैच को भी मौका
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इस बार पदों की संख्या अधिक होने के कारण 2012 बैच के कुछ पीसीएस अधिकारियों को भी पदोन्नति का अवसर मिल सकता है। 2010 बैच में आठ अधिकारी और 2011 बैच में 21 अधिकारी शामिल हैं। दोनों बैच मिलाकर कुल 29 अधिकारी बनते हैं, जबकि शेष चार पदों पर 2012 बैच के अधिकारियों के नामों पर विचार संभव है।

इन अधिकारियों के नामों पर होगा विचार
2010 और 2011 बैच के कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम DPC के एजेंडे में शामिल हैं, जिनके सेवा रिकॉर्ड, एसीआर और अन्य अभिलेखों की समीक्षा की जाएगी। पूरी चयन प्रक्रिया नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।

पीपीएस से आईपीएस प्रमोशन की प्रक्रिया भी तेज
इसी बीच पुलिस विभाग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के 29 पीपीएस अधिकारियों को आईपीएस पद पर पदोन्नत करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए तीन गुना अधिक नाम यूपीएससी को भेजे गए हैं, जो सेवा रिकॉर्ड, गोपनीय प्रविष्टियों और लंबित जांचों के आधार पर अंतिम चयन करेगा।

एक नज़र