लखनऊ में बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या, पति ने बहन को भी मारी गोली; फिर खुद को खत्म किया

Day-Light-Murder-in-lucknow-Dainik-Jagran-00-1787216424945 (1)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। गोमतीनगर थाना क्षेत्र में आईसीआईसीआई बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उनके पति मानस पर है। वारदात के बाद आरोपी ने हुसड़िया चौराहे पर अपनी बहन को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे कार सवार मानस ने फोन कर दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया था। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर बैंककर्मी और आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और दिव्या को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, गोमतीनगर में पत्नी की हत्या करने के बाद मानस हुसड़िया चौराहे पर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी।

एक साल से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट के मुताबिक, दिव्या मिठाई वाले चौराहे के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। करीब सात साल पहले उनका विवाह मानस से हुआ था। पिछले एक साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मानस अपनी बहन के साथ हुसड़िया स्थित घर में रहता था। गुरुवार सुबह वह असलहा लेकर दिव्या के बैंक पहुंचा। दिव्या जैसे ही बैंक के गेट के पास पहुंचीं, मानस ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद वह घर पहुंचा और अपनी बहन को भी गोली मार दी। बाद में उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी।

पुलिस ने असलहा कब्जे में लिया, तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

वारदात की जानकारी मिलते ही डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल असलहा कब्जे में ले लिया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद समेत वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------