Asian Games 2026: कमलजीत-सुरुचि ने सोने पर लगाया निशाना, शूटिंग में भारत को मिला पहला स्वर्ण; बनाया एशियन रिकॉर्ड

0253

आइची-नागोया: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शूटिंग में स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म कर दिया है। कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने इस एशियाड में अपना पहला स्वर्ण पदक हासिल कर लिया। शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या भी 10 हो गई है। इसी दिन 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन पुरुष टीम स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह, नीरज और रुद्रांक्ष की तिकड़ी ने रजत पदक जीता। इस तरह शूटिंग में भारत को एक स्वर्ण और एक रजत समेत दो पदक मिले।

भारत ने बनाया नया एशियन रिकॉर्ड

10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम के फाइनल में चार टीमों के बीच मुकाबला हुआ। भारतीय जोड़ी ने 484.6 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा और उसे रजत पदक मिला। ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि इंडोनेशिया 349.4 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहा।

भारत का 484.6 अंक का स्कोर नया एशियन रिकॉर्ड भी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड उज्बेकिस्तान के नाम था, जिसने इसी साल फरवरी में 481.3 अंक हासिल किए थे। अब कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है।

क्वालिफिकेशन में भी कायम किया था रिकॉर्ड

फाइनल से पहले कमलजीत और सुरुचि ने क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय जोड़ी ने कुल 587-29x का स्कोर बनाया था, जो एशियन क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड बना। भारत क्वालिफिकेशन में पहले स्थान पर रहा।

ईरान 584-17x के साथ दूसरे, दक्षिण कोरिया 582-23x के साथ तीसरे और इंडोनेशिया 580-30x के साथ चौथे स्थान पर रहा। शीर्ष चार जोड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई, जहां भारतीय जोड़ी ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। चीन और वियतनाम की जोड़ियां क्वालिफिकेशन में शीर्ष चार में जगह नहीं बना सकीं और फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाईं।

शुरुआत से अंत तक भारत की बढ़त

10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम के फाइनल में भारत, इंडोनेशिया, ईरान और दक्षिण कोरिया की टीमें आमने-सामने थीं। शुरुआत में पांच-पांच शॉट की तीन सीरीज खेली गईं। 15 शॉट के शुरुआती दौर के बाद भारत शीर्ष पर बना रहा।

इसके बाद हर दो शॉट के बाद एलिमिनेशन शुरू हुआ। 17वें शॉट के बाद इंडोनेशिया की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई। इसके साथ ही भारत का पदक पक्का हो गया। 19वें शॉट के बाद ईरान की टीम भी बाहर हो गई और भारत का कम से कम रजत पदक सुनिश्चित हो गया।

हालांकि, भारतीय जोड़ी पूरे फाइनल के दौरान शीर्ष पर बनी रही और उसे दूसरे स्थान पर नहीं खिसकने दिया। कमलजीत और सुरुचि ने लगातार बढ़त कायम रखी। 21वें शॉट के बाद भारत ने एशियन रिकॉर्ड तोड़ दिया और नया रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र