T20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम ट्रॉफी लेकर हनुमान मंदिर पहुंची, लिया आशीर्वाद

000000000-6

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत हासिल करने के कुछ ही घंटे बाद भारतीय टीम ने धार्मिक आस्था के साथ अपनी खुशी साझा की। कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और ICC चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने हनुमान जी के दर्शन कर टीम की ऐतिहासिक जीत के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फाइनल में भारत ने दिखाया दबदबा

8 मार्च को खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन के अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम पूरी तरह भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 159 रन पर ऑल आउट हो गई। इस शानदार जीत के साथ भारत ने न सिर्फ खिताब बचाया बल्कि मेजबान देश के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बनने का गौरव भी हासिल किया।

पैदल हनुमान मंदिर तक पहुंची टीम

मैच खत्म होने के बाद प्रेस और प्रसारण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद टीम के कुछ सदस्य ट्रॉफी लेकर पैदल हनुमान टेकरी मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर जीत का आशीर्वाद लिया।

टीम इंडिया की लगातार तीसरी ICC जीत

यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए विशेष महत्व रखती है। 2024 से 2026 के बीच यह टीम इंडिया का लगातार तीसरा ICC खिताब है। इस प्रदर्शन से टीम इंडिया इस दौर की सबसे सफल अंतरराष्ट्रीय टीमों में शामिल हो गई है और देशवासियों के बीच गर्व और उत्साह की लहर दौड़ गई है।