15 महीने बाद Apple ने फिर मारी बाजी! Nvidia को पछाड़ बनी दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी, मार्केट वैल्यू में बड़ा उलटफेर

photo8-9

नई दिल्ली: आईफोन बनाने वाली दिग्गज टेक कंपनी Apple ने करीब 15 महीने बाद एक बार फिर दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी का ताज अपने नाम कर लिया है। बाजार पूंजीकरण के मामले में Apple ने एआई चिप निर्माता Nvidia को पीछे छोड़ते हुए वैश्विक रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया।

Apple का कुल मार्केट वैल्यूएशन बढ़कर करीब 4.88 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया है। वहीं, Nvidia के शेयरों में 3.5 प्रतिशत की गिरावट के बाद कंपनी का बाजार मूल्य घटकर लगभग 4.86 ट्रिलियन डॉलर रह गया। इस बदलाव के साथ दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों की रैंकिंग में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिला।

Apple पिछले साल अप्रैल के बाद पहली बार शीर्ष स्थान पर पहुंची है। यह उपलब्धि ऐसे समय में सामने आई है, जब कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक के कार्यकाल को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि सितंबर में वह अपनी जिम्मेदारी हार्डवेयर क्षेत्र के अनुभवी जॉन टर्नस को सौंप सकते हैं।

Apple पर क्यों बढ़ा निवेशकों का भरोसा?

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों की सोच में बदलाव आया है। पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दौड़ में Nvidia को सबसे बड़ा लाभार्थी माना जा रहा था, लेकिन अब Apple की मजबूत आय, विशाल इकोसिस्टम और सर्विस कारोबार ने निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, पहले यह माना जा रहा था कि Apple एआई मॉडल विकसित करने पर अपेक्षाकृत कम निवेश कर रही है, लेकिन अब निवेशकों का ध्यान कंपनी की स्थिर कमाई, मजबूत सर्विस बिजनेस और लंबे समय तक ग्राहकों को अपने इकोसिस्टम से जोड़कर रखने की क्षमता पर केंद्रित हो गया है।

उनका मानना है कि Apple पर भारी पूंजीगत खर्च का दबाव अपेक्षाकृत कम है और कंपनी हार्डवेयर अपग्रेड, सर्विसेज और अपने इकोसिस्टम के जरिए एआई से बेहतर कमाई करने की स्थिति में है।

AI को लेकर Apple की नई रणनीति

Apple ने पिछले महीने अपने वर्चुअल असिस्टेंट Siri में लंबे समय से प्रतीक्षित बदलाव लागू किए हैं। माना जा रहा है कि नया और उन्नत Siri एआई की प्रतिस्पर्धा में Apple को बड़ी टेक कंपनियों और उभरते स्टार्टअप्स के मुकाबले अधिक मजबूत स्थिति में ला सकता है।

विश्लेषकों का कहना है कि Apple के पास करोड़ों iPhone उपयोगकर्ताओं का डेटा एक बड़ी ताकत के रूप में मौजूद है। इसकी मदद से Siri को अधिक उपयोगी और बेहतर बनाया जा सकता है। हालांकि, कंपनी के सामने सबसे बड़ी चुनौती उपयोगकर्ताओं की निजता बनाए रखते हुए इस डेटा का प्रभावी उपयोग करना है।

Nvidia की वापसी की संभावना बरकरार

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में बाजार का रुख बदलने पर Nvidia दोबारा शीर्ष स्थान हासिल कर सकती है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में Nvidia अब भी सबसे मजबूत कंपनियों में शामिल है। कंपनी के ग्राफिक्स प्रोसेसर (GPU) दुनियाभर में इस्तेमाल होने वाले अधिकांश जनरेटिव एआई मॉडल को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में एआई सेक्टर में Nvidia की मजबूत पकड़ अभी भी कायम है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र