अफगानिस्तान, म्यांमार, ईरान… ट्रंप ने 12 देशों के लोगों की अमेरिका में एंट्री पर लगाए प्रतिबंध, 7 देशों पर आंशिक पाबंदी

trump-2-585x390

न्यूयॉर्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नई घोषणा पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा 7 अन्य देशों से आने वाले लोगों पर आंशिक पाबंदियां लगाई गई हैं। यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है।

जिन देशों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं उनमें अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल है। इन देशों के नागरिक अब अमेरिका में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। प्रतिबंध सोमवार सुबह 12:01 बजे से लागू हो गया है। वहीं जिन देशों पर आंशिक पाबंदी लगाई गई है उनमें बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला जैसे देश हैं। इन देशों के नागरिकों को अमेरिका आने के लिए अब कड़ी जांच और विशेष शर्तों का पालन करना होगा।

यह प्रतिबंध आव्रजन (Immigrant) वीज़ा के साथ-साथ B-1 (बिजनेस), B-2 (पर्यटन), F (स्टूडेंट), M (वोकेशनल) और J (एक्सचेंज प्रोग्राम) जैसे गैर-आव्रजन वीज़ा पर भी लागू होगा।

जानें क्या हैं मुख्य कारण:

  1. अफगानिस्तान में तालिबान का नियंत्रण
  2. ईरान और क्यूबा में आतंकवाद का समर्थन
  3. चाड और इरिट्रिया में वीज़ा ओवरस्टे की ऊंची दर
  4. कुछ देश अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग नहीं कर रहे

ट्रंप ने कहा कि यह फैसला अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी था। यह नीति उनके पहले कार्यकाल में लागू ट्रैवल बैन का विस्तार है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में मंजूरी दी थी।