नोएडा की फैक्ट्रियों पर प्रशासन का बड़ा कदम: सैलरी बोर्ड लगाकर मजदूरों को दी जानकारी, सभी श्रेणियों में वेतन वृद्धि लागू
गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने बुधवार को नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित फैक्ट्रियों पर संशोधित सैलरी बोर्ड लगाने की शुरुआत की है। इन बोर्डों के जरिए मजदूरों को अब सरकार द्वारा निर्धारित नई वेतन दरों की जानकारी स्पष्ट रूप से मिल सकेगी। प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और बढ़े हुए वेतन के प्रति जागरूक करना है, ताकि किसी भी तरह की जानकारी की कमी न रहे।
विरोध प्रदर्शन के बाद तेज हुई कार्रवाई
ध्यान देने वाली बात है कि सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में मजदूरों द्वारा सैलरी बढ़ोतरी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान कुछ जगहों पर उपद्रव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत स्थिति संभालने के साथ वेतन संशोधन से जुड़े निर्देशों को लागू करने की प्रक्रिया तेज कर दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी थी वेतन बढ़ोतरी को मंजूरी
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर रात विभिन्न श्रेणियों के श्रमिकों के वेतन में बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। सरकार ने नियोक्ताओं से समय पर वेतन भुगतान, ओवरटाइम का उचित भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, बोनस और सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करने की अपील भी की है। इसके साथ ही महिला कामगारों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। सबसे अधिक बढ़ोतरी कुशल श्रेणी के श्रमिकों में की गई है, जहां गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में वेतन में करीब 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी।
नई वेतन दरें तय, श्रमिकों को मिलेगा बढ़ा हुआ लाभ
संशोधित वेतन संरचना के अनुसार गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में अब अकुशल श्रमिकों को 13,690 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे, जो पहले 11,313 रुपये थे। अर्धकुशल श्रमिकों का वेतन 15,059 रुपये और कुशल श्रमिकों का वेतन 16,868 रुपये तय किया गया है।
अन्य नगर निगम क्षेत्रों में अकुशल श्रमिकों का मासिक वेतन 13,006 रुपये, अर्धकुशल का 14,306 रुपये और कुशल श्रमिकों का 16,025 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं बाकी जिलों में अकुशल श्रमिकों को 12,356 रुपये, अर्धकुशल को 13,591 रुपये और कुशल श्रमिकों को 15,224 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।



