सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद तमिलनाडु सरकार झुकी, CRPF की निगरानी में दीपथून पर आज जलेगा कार्तिगई दीपम

Deepthoon
नई दिल्ली: तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून में पारंपरिक दीप जलाने का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के शुक्रवार को दिए गए सख्त आदेश के बाद शनिवार को कार्तिगई दीपम के अवसर पर यहां दीप जलाया जाएगा। अदालत ने 20 नवंबर के अपने आदेश का पालन नहीं किए जाने पर तमिलनाडु सरकार और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। साथ ही मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) समेत 13 अन्य लोगों को अवमानना का नोटिस जारी किया है।

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसके आदेश की जानबूझकर अनदेखी को सामान्य प्रशासनिक चूक मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अदालत ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं।

दीपथून पर दीप जलाने के आदेश की क्यों हुई अवहेलना?

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट के 6 जनवरी के फैसले में की गई टिप्पणियों पर रोक लगाते हुए थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीपथून पर पारंपरिक तरीके से दीप जलाने का निर्देश दिया था। इसके बाद मद्रास हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान मदुरै के जिलाधिकारी ने भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने का भरोसा दिलाया था।

हालांकि, 24 नवंबर को आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। उस दिन केवल उचीपिल्लैयार मंडपम में ही दीप प्रज्ज्वलित किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले मंदिर ट्रस्ट ने एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें दीप केवल उचीपिल्लैयार मंडपम में जलाने का निर्णय लिया गया था। अदालत के मुताबिक, यह कदम प्रथम दृष्टया उसके आदेश और हाई कोर्ट में दिए गए आश्वासन की अनदेखी को दर्शाता है।

मंदिर ट्रस्ट का बोर्ड निलंबित, दो पूर्व जजों को सौंपी जिम्मेदारी

सुप्रीम कोर्ट ने मामले में सख्त कदम उठाते हुए अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर के ट्रस्टियों के बोर्ड को निलंबित कर दिया है। मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी मद्रास हाई कोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों वैद्यनाथन और पार्थिबन को रिसीवर के रूप में सौंपी गई है।

अदालत ने दोनों पूर्व न्यायाधीशों को तत्काल मंदिर का प्रबंधन संभालने का निर्देश दिया है। साथ ही तमिलनाडु सरकार को उनके कामकाज में आवश्यक सहयोग देने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर का संचालन उसकी पारंपरिक व्यवस्था और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुरूप होना चाहिए।

उचीपिल्लैयार मंडपम के दीप से ही रोशन होगा दीपथून

अदालत ने अपने आदेश में कहा है कि यदि उचीपिल्लैयार मंडपम में पहले से जलाया गया दीप उपलब्ध है, तो उसी दीप से दीपथून पर भी ज्योति प्रज्ज्वलित की जाए। इसके साथ ही शनिवार को श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति दी गई है।

हालांकि, इस दौरान दरगाह के आसपास 50 मीटर का क्षेत्र खाली रखना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था दीपथून सहित दीप जलाने के लिए निर्धारित अन्य स्थानों पर भी लागू रहेगी।

मंदिर और दरगाह समेत पूरी पहाड़ी की सुरक्षा CRPF के हवाले

सुप्रीम कोर्ट ने राज्य पुलिस की ओर से अपने आदेश को लागू नहीं किए जाने पर सुरक्षा व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया है। अदालत ने मंदिर, दरगाह और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंपने का निर्देश दिया है।

सीआरपीएफ को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि श्रद्धालु दरगाह तक पहुंच सकें और अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-पाठ व अन्य रस्में पूरी कर सकें। दरगाह की जमीन की सुरक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर बैरिकेडिंग भी की जा सकती है। हालांकि, अदालत ने साफ किया है कि उसके इस आदेश से संबंधित जमीन पर किसी पक्ष का कोई नया अधिकार स्थापित नहीं होगा।

15 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में पेश होंगे मुख्य सचिव और डीजीपी

अवमानना के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक समेत सभी संबंधित अधिकारियों को 15 दिसंबर को अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। उन्हें जवाब देना होगा कि अदालत के आदेश का पालन नहीं करने के मामले में उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।

नोटिस पाने वालों में मुख्य सचिव और डीजीपी के अलावा हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव और आयुक्त, मदुरै के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, ट्रस्ट के अध्यक्ष और चार ट्रस्टी भी शामिल हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र