यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 28 IPS अधिकारियों का तबादला; नोएडा से गाजियाबाद पहुंचीं लक्ष्मी सिंह

yogi_in_ayodhya2_1786927217162_1786927221688_28a9c06d-7b70-4a82-8a96-6312978ea9d4_1795768488976_JPJ9_8c7785f7-d08a-48c0-83dc-50a2422ad9b2_bbTc
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। वाराणसी, प्रयागराज, नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नरों की तैनाती में बदलाव किया गया है। नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ को नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कई डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।

चार बड़े शहरों के पुलिस कमिश्नर बदले

वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, वाराणसी की कमान अब किरण एस को सौंपी गई है। वह अभी तक पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ के पद पर तैनात थे। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना, उत्तर प्रदेश लखनऊ भेजा गया है।

बरेली की अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा को लखनऊ में इसी पद पर तैनाती दी गई है। वहीं, लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को बरेली का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।

कई डीआईजी के कार्यक्षेत्र में बदलाव

अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ भेजा गया है। सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा की जिम्मेदारी मिली है, जबकि आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ भेज दिया गया है। डीआईजी तकनीकी सेवाएं आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है।

अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी भी बदले

अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है।

अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

नोएडा की पुलिस उपायुक्त सुनीति को लखनऊ पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बरेली में सेनानायक के पद पर तैनात आकाश तोमर को पुलिस अधीक्षक, डॉ. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है। मुरादाबाद में सेनानायक अमित कुमार-I को पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू लखनऊ नियुक्त किया गया है।

आगरा की 15वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक नरेंद्र कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक पीटीसी सीतापुर भेजा गया है। वहीं, वाराणसी की 36वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को लखनऊ में पुलिस अधीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के पद पर तैनाती दी गई है।

गोण्डा की 30वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक त्रिभुवन सिंह को पुलिस अधीक्षक जीआरपी लखनऊ बनाया गया है। प्रयागराज की 42वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के साथ-साथ अभिसूचना मुख्यालय उत्तर प्रदेश लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

आजमगढ़ की 20वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला को गोरखपुर पीटीएस में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। झांसी की 33वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा को उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लखनऊ में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

कानपुर और प्रयागराज में भी बदले डीसीपी

कानपुर नगर के पुलिस उपायुक्त दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज भेजा गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस उपायुक्त कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर में इसी पद पर तैनाती दी गई है। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस उपायुक्त प्रीति यादव को आगरा की 15वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है।

कुछ तबादले निरस्त, नई तैनाती जारी

अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर प्रतीक्षारत पुनीत द्विवेदी का लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर हुआ तबादला निरस्त कर उन्हें गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

वाराणसी की अपर पुलिस उपायुक्त नीतू का गौतमबुद्धनगर में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर हुआ तबादला निरस्त कर उन्हें लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है।

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त अमित कुमावत का गाजियाबाद में हुआ तबादला निरस्त कर उन्हें अपर पुलिस उपायुक्त आगरा नियुक्त किया गया है।

बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत तीन साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को हटाने की प्रक्रिया के तहत यह व्यापक फेरबदल किया गया है।

 

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र