ट्रेन में फोन पर तेज आवाज में बात करना पड़ेगा भारी! 1000 रुपये जुर्माना और 6 महीने जेल तक की सजा, रेलवे की सख्त चेतावनी
फोन पर तेज आवाज में बात करने और गाने बजाने पर रोक
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल इस तरह करें, जिससे आसपास बैठे लोगों को परेशानी न हो। फोन पर तेज आवाज में या लंबे समय तक बातचीत करने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मोबाइल को स्पीकर मोड पर रखकर गाने सुनने या वीडियो चलाने की भी मनाही की गई है।
रेलवे ने यह भी कहा है कि यात्री अपने मोबाइल की रिंगटोन की आवाज कम रखें। दरअसल, ट्रेन के डिब्बों में तेज आवाज से दूसरे यात्रियों की शांति भंग होती है। खासकर वातानुकूलित डिब्बों में बंद जगह होने के कारण आवाज गूंजती है, जिससे यात्रियों को आराम करने और सोने में परेशानी होती है।
रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत होगी कार्रवाई
पूर्वी रेलवे के मुताबिक, यात्रा के दौरान दूसरे यात्रियों के लिए परेशानी पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम, 1989 की संशोधित धारा 145 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रावधान में दोषी पाए जाने पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की कैद हो सकती है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) या उससे वरिष्ठ पदों पर तैनात रेलकर्मी कार्रवाई कर सकते हैं। यानी ट्रेन में तेज आवाज में मोबाइल चलाने या बातचीत से दूसरे यात्रियों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर रेलवे कर्मचारी हस्तक्षेप कर सकेंगे।
स्टेशन से लेकर ट्रेन के डिब्बों तक होगा प्रचार
नियमों के प्रति यात्रियों को जागरूक करने के लिए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित घोषणाएं करने की योजना बना रहा है। ये घोषणाएं क्षेत्रीय भाषाओं के साथ हिंदी और अंग्रेजी में भी की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों तक संदेश पहुंच सके।
इसके अलावा प्रमुख रेलवे स्टेशनों और ट्रेन के डिब्बों में जागरूकता से जुड़े नोटिस और स्टीकर लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से यात्रियों को तेज आवाज में बातचीत करने, स्पीकर पर संगीत सुनने और वीडियो चलाने से बचने की सलाह दी जाएगी।
ईयरफोन का करें इस्तेमाल, फोन साइलेंट रखना बेहतर
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यदि वे सफर के दौरान गाने सुनना या वीडियो देखना चाहते हैं तो ईयरफोन का इस्तेमाल करें। मोबाइल फोन को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड पर रखने और जरूरत के मुताबिक आवाज कम करने की भी अपील की गई है।
रेलवे का उद्देश्य ट्रेन में ऐसा माहौल बनाए रखना है, जहां सभी यात्री बिना किसी शोर-शराबे के आराम से सफर कर सकें। इसलिए यात्रा के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करते समय दूसरों की सुविधा का ध्यान रखना जरूरी होगा।






