योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर मायावती ने जताया दुख, ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य ने भी दी श्रद्धांजलि
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति सहानुभूति जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के उनके पैतृक गांव में निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवार और रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति मिलने की कामना की।
ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य ने जताई संवेदना
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सावित्री देवी के निधन को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और साथ जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। उनका जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मुख्यमंत्री की मां के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का साया सिर से उठ जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल मिलने और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री ने भी दी श्रद्धांजलि
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल धरोहर है। इस मुश्किल वक्त में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
91 वर्ष की उम्र में पैतृक गांव में हुआ निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थीं। कुछ समय पहले उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनसे मिलने पहुंचे थे। इसके बाद पैतृक गांव में ही उनका उपचार चल रहा था।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में निधन हो गया था। उस समय कोरोना महामारी के कारण मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक में व्यस्त थे। वहीं, शुक्रवार को मां के निधन के समय योगी आदित्यनाथ अपनी कर्मभूमि गोरखपुर में छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करने के कार्यक्रम में शामिल थे।






