भारत-पाक सीमा के पास फिर मिला संदिग्ध ड्रोन, सीमा से 8 KM अंदर बस्ती में गिरा; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
ड्रोन गिरते ही खाली कराया गया आसपास का इलाका
संदिग्ध ड्रोन मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस, बीएसएफ और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर आसपास के रिहायशी इलाके को खाली करा लिया गया। इसके बाद घटनास्थल के करीब 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा घेरा बना दिया गया। यहां पुलिस और बीएसएफ के हथियारबंद जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
2.5×2.5 फीट का है ड्रोन, कैमरे और बैटरी की जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बरामद ड्रोन का आकार करीब 2.5×2.5 फीट है। इसमें कैमरा और बैटरी लगी हुई मिली है। सुरक्षा एजेंसियां इन उपकरणों की बारीकी से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मुख्य ध्यान यह पता लगाने पर है कि ड्रोन कहां से आया था, इसे किसने उड़ाया और इसके पीछे क्या मकसद था। कैमरे की मौजूदगी को देखते हुए इसकी संभावित गतिविधियों और इस्तेमाल की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस और BSF ने शुरू किया तलाशी अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बीएसएफ ने आसपास के इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रोन के साथ कोई अन्य संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई। फिलहाल ड्रोन के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सीमा के नजदीक इस तरह की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा बल पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।






