अखिलेश के रोड शो में JCB की चपेट में आकर BJP नेता के बेटे की मौत, 6 नामजद समेत 56 के खिलाफ FIR

Untitled-130-768x446
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुए हादसे में भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की जान चली गई। इस मामले में एम्स थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने हादसे में शामिल जेसीबी को भी कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और राजनीतिक बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शाम करीब पांच बजे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

बहन को लेने जा रहा था बच्चा, रोड शो की जेसीबी ने मारी टक्कर

यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। झारखंडी आवास विकास कॉलोनी निवासी भाजपा नेता ओंकार सिंह का 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन अपनी बहन को लेने जा रहा था। इसी दौरान गोरखपुर एयरपोर्ट से निकल रहे अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल एक जेसीबी की चपेट में उसकी बाइक आ गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि आर्यवर्धन बुरी तरह घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे एम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता की तहरीर पर छह नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ केस

आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। हादसे से नाराज परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद ओंकार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने जेसीबी कब्जे में ली, जांच जारी

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि रोड शो के दौरान चल रही एक जेसीबी से एम्स थाना क्षेत्र में बाइक का हादसा हुआ था। इस घटना में 14 वर्षीय बच्चे की मौत हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल जेसीबी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

अखिलेश ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

हादसे को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के मामले में भाजपा शासन में किसी को भी झूठा फंसाया जा सकता है। अखिलेश ने यह भी कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। हादसे के बाद से ही इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है और विभिन्न नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

शाम पांच बजे पीड़ित परिवार से मिल सकते हैं CM योगी

इस घटना के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे को लेकर भी चर्चा तेज है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे भाजपा नेता ओंकार सिंह के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, उनके इस कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सभी की निगाहें मुख्यमंत्री के संभावित दौरे और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र