देश में जहरीली हवा का जानलेवा कहर, 10 साल में वायु प्रदूषण से 38 लाख लोगों की मौत का दावा
अध्ययन के मुताबिक, भारत में पीएम 2.5 का राष्ट्रीय मानक 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन का सुरक्षित स्तर इससे काफी कम यानी 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर निर्धारित है। यदि मौतों का आकलन विश्व स्वास्थ्य संगठन के इस मानक के आधार पर किया जाए तो यह संख्या बढ़कर 1.66 करोड़ तक पहुंच सकती है। यह अध्ययन अवधि के दौरान हुई कुल मौतों का करीब 25 प्रतिशत है। यानी हर चार मौतों में से एक का संबंध प्रदूषित हवा से हो सकता है।
पीएम 2.5 के बेहद छोटे कण शरीर के लिए खतरनाक
पीएम 2.5 ऐसे सूक्ष्म प्रदूषक कण हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या उससे भी कम होता है। इनकी बारीकी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ज्यादातर बैक्टीरिया की चौड़ाई कम से कम 5 माइक्रोन होती है। लाल रक्त कोशिका का व्यास लगभग 6 माइक्रोन, जबकि इंसान के बाल की मोटाई करीब 70 माइक्रोन होती है।
एक पूर्णविराम के आकार की जगह में भी हजारों पीएम 2.5 कण समा सकते हैं। ये इतने छोटे होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों के भीतर गहराई तक पहुंच जाते हैं। वहां से रक्त प्रवाह में शामिल होकर शरीर के दूसरे हिस्सों तक भी फैल सकते हैं।
कारोलिंस्का इंस्टीट्यूट के अध्ययन में पाया गया कि पीएम 2.5 के स्तर में हर 10 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की बढ़ोतरी के साथ मौतों में 8.6 प्रतिशत का इजाफा हुआ। यह प्रभाव भारत के 655 जिलों में दर्ज किया गया। अध्ययन के अनुसार, देश की पूरी आबादी ऐसे क्षेत्रों में रहती है, जहां पीएम 2.5 का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन की तय सीमा से अधिक है। ये सूक्ष्म कण सैकड़ों किलोमीटर दूर तक फैल सकते हैं, इसलिए प्रदूषण का असर किसी एक शहर तक सीमित नहीं रहता।
छोटे शहर भी बन रहे प्रदूषण के बड़े केंद्र
अब तक वायु प्रदूषण को मुख्य रूप से दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े महानगरों की समस्या माना जाता रहा है, लेकिन हालात तेजी से बदल रहे हैं। छोटे औद्योगिक शहर भी प्रदूषण के नए केंद्र बनकर उभर रहे हैं। असम और मेघालय की सीमा पर स्थित बर्नीहाट को भारत का सबसे प्रदूषित स्थान बताया गया है। यहां पीएम 2.5 का सालाना औसत स्तर 133.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो राष्ट्रीय मानक से 3.3 गुना अधिक है। यह स्तर दिल्ली के 104.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से भी ज्यादा है।
दिल्ली में भी वर्ष 2024 के मुकाबले प्रदूषण के स्तर में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एक्यूएयर के आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम में पीएम 2.5 का स्तर 91.7, श्रीगंगानगर में 87.2, फरीदाबाद में 84.7, ग्रेटर नोएडा में 83.6 और मुजफ्फरनगर में 83.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
ये आंकड़े बताते हैं कि औद्योगिक गतिविधियों और तेजी से बढ़ते शहरीकरण वाले छोटे शहर भी प्रदूषण की गंभीर चपेट में हैं। बर्नीहाट में प्रदूषण को सुरक्षित स्तर तक लाने के लिए इसमें करीब 70 प्रतिशत तक कमी लाने की जरूरत बताई गई है।
सर्दियों में महानगरों की हवा भी हो रही खराब
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024-25 की सर्दियों में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई सहित सभी प्रमुख महानगरों में पीएम 2.5 का स्तर खराब हुआ। इस दौरान दिल्ली सबसे प्रदूषित शहर रहा, जबकि कोलकाता दूसरे स्थान पर रहा।
दिल्ली की भौगोलिक स्थिति और मौसमी परिस्थितियां यहां प्रदूषण को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। वहीं, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों में हवा के बेहतर प्राकृतिक प्रवाह की स्थिति मानी जाती है, लेकिन इन शहरों में भी प्रदूषण का औसत स्तर बढ़ा है।
चार साल तक सुरक्षित सीमा से ऊपर रहा पीएम 10 का स्तर
रेस्पिरर लिविंग साइंसेज के चार साल के अध्ययन में 11 महानगरों में पीएम 10 का स्तर लगातार राष्ट्रीय मानक से अधिक पाया गया। पीएम 10 के लिए राष्ट्रीय सीमा 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर निर्धारित है। अध्ययन के मुताबिक, दिल्ली के आनंद विहार में इसका स्तर 313.8 और पटना के समनपुरा में 237.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया। किसी भी शहर में पूरे चार साल के दौरान यह स्तर तय सुरक्षा सीमा के भीतर नहीं रहा।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह केवल कुछ दिनों या मौसम विशेष में होने वाला प्रदूषण नहीं है, बल्कि लोगों को पूरे साल लगातार हानिकारक कणों के संपर्क में रहना पड़ रहा है। इसका असर शहरी आबादी के स्वास्थ्य पर लंबे समय तक पड़ सकता है।
वाहनों और उद्योगों से निकलने वाला धुआं बढ़ा रहा संकट
प्रदूषण के बढ़ते स्तर का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है। सांस संबंधी बीमारियों, हृदय रोगों और समय से पहले होने वाली मौतों का खतरा बढ़ रहा है। पहले बड़े महानगरों तक सीमित समझा जाने वाला यह संकट अब छोटे शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रहा है।
वाहनों, उद्योगों और अन्य गतिविधियों से निकलने वाले प्रदूषक हवा की गुणवत्ता को लगातार प्रभावित कर रहे हैं। अध्ययन के आंकड़े इस समस्या की गंभीरता को सामने रखते हैं। हवा को सुरक्षित बनाने के लिए प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण और लंबे समय तक प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। इसके लिए अलग-अलग स्तरों पर समन्वित प्रयास जरूरी होंगे, ताकि लोगों को स्वच्छ हवा मिल सके।






