जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, बडगाम में लश्कर का पाकिस्तानी कमांडर मूसा ढेर; तलाशी अभियान जारी
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। मारे गए आतंकी की पहचान पाकिस्तानी लश्कर कमांडर मूसा के तौर पर हुई है। यूसमर्ग के कोराग इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। मुठभेड़ में एक आतंकी के मारे जाने के बाद भी इलाके में अभियान जारी है।
सुरक्षाबलों को यूसमर्ग के कोराग इलाके में आतंकियों की गतिविधियों की जानकारी मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी शुरू की। अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षाबलों ने जब आतंकियों को चुनौती दी तो दूसरी तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आतंकी मारा गया।
दूधपथरी के जंगलों में हुई मुठभेड़
अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तानी लश्कर कमांडर मूसा बडगाम के दूधपथरी इलाके के जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारा गया। यह क्षेत्र मध्य कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में आता है। सुरक्षाबलों के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद आतंकियों को चुनौती दी गई थी, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई और जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी ढेर हो गया।
इसके साथ ही गुरवेतकलां गांव में भी आतंकियों की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान जारी रखा है। पूरे इलाके में सुरक्षा बल संदिग्ध स्थानों की जांच कर रहे हैं।
5 सितंबर को मारा गया था मूसा का करीबी
अधिकारियों के मुताबिक, मूसा का करीबी साथी यासिर भी 5 सितंबर को हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि मूसा जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में शामिल था और सुरक्षाबलों को उसकी तलाश थी।
एक और गैर-स्थानीय कमांडर की तलाश
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में एक और शीर्ष गैर-स्थानीय लश्कर कमांडर के छिपे होने की आशंका है। इसे देखते हुए आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षाबल यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि इलाके में कोई अन्य आतंकी मौजूद न हो। फिलहाल अभियान जारी है और ऑपरेशन पूरा होने के बाद मुठभेड़ से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।





