लंदन से ढाका जा रही फ्लाइट में बवाल, पहले हुई बहस फिर लात-घूंसों से मारपीट; फटी टी-शर्ट, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
ढाका: लंदन से बांग्लादेश की राजधानी ढाका जा रही बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट में दो यात्रियों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। पहले दोनों के बीच बहस हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के दौरान फ्लाइट में मौजूद दूसरे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।
बहस के बाद एक-दूसरे पर बरसाए लात-घूंसे
बताया गया कि फ्लाइट के दौरान दो यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। कुछ ही देर में दोनों एक-दूसरे से भिड़ गए और लात-घूंसे चलने लगे। आसपास बैठे यात्रियों ने दोनों को रोकने और मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में वे सफल नहीं हुए।
मारपीट के दौरान एक यात्री की टी-शर्ट तक फट गई। काफी मशक्कत के बाद आसपास के यात्रियों ने दोनों को काबू किया।
हंगामा बढ़ने से यात्रियों में मचा डर
दो यात्रियों के बीच अचानक हुई मारपीट से फ्लाइट में मौजूद अन्य यात्री घबरा गए। विमान के भीतर कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पायलट भी यात्रियों के पास पहुंचे और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की।
एयरलाइन ने घटना की जानकारी होने से किया इनकार
घटना को लेकर बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जनरल मैनेजर महबूबुद्दीन अहमद से जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में जानकारी नहीं है और वह इसकी जानकारी लेंगे। एयरलाइन की ओर से इसके बाद मामले पर कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की गई।
एयरलाइन ने घटना में अपनी किसी भूमिका से भी इनकार किया है। इस बीच, फ्लाइट के अंदर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद घटना चर्चा में है।





