प्याज-अदरक-लहसुन ने बढ़ाया रसोई का खर्च, अगस्त में 73% तक उछले दाम; टमाटर और आलू ने दी राहत
नई दिल्ली: रोजमर्रा की जरूरतों और सब्जियों की कीमतों में बदलाव का सीधा असर अब लोगों के घरेलू बजट पर दिखाई देने लगा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 में देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.82 फीसदी हो गई, जो जुलाई में 4.45 फीसदी थी। खास तौर पर अदरक, प्याज और लहसुन के दाम में तेज बढ़ोतरी ने रसोई का खर्च बढ़ा दिया है।
हालांकि, महंगाई बढ़ने के बीच कुछ जरूरी सामान और सब्जियों की कीमतों में गिरावट भी दर्ज की गई। टमाटर और आलू के दाम कम हुए, जिससे उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली। आइए जानते हैं अगस्त में किन चीजों के दाम सबसे ज्यादा बढ़े और किन वस्तुओं की कीमतें घटीं।
अदरक, प्याज और लहसुन सबसे ज्यादा महंगे
अगस्त के दौरान अदरक की कीमत में सबसे तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बाद प्याज और लहसुन के दाम में भी बड़ा उछाल आया। आंकड़ों के मुताबिक:
- अदरक के दाम 73.82 फीसदी बढ़े
- प्याज की कीमत में 48.27 फीसदी की बढ़ोतरी हुई
- लहसुन 43.60 फीसदी महंगा हुआ
- सोना, हीरा और प्लेटिनम के आभूषणों की कीमत 35.53 फीसदी बढ़ी
अदरक के दाम हाल के हफ्तों में भी तेजी से बढ़े हैं। कई बाजारों में यह करीब 300 से 400 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। लहसुन की कीमत भी करीब 200 से 400 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है। वहीं, कई खुदरा बाजारों में प्याज करीब 50 से 65 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।
टमाटर और आलू सस्ते, इन चीजों ने दी राहत
महंगाई में बढ़ोतरी के बावजूद कुछ जरूरी सामान और सब्जियों के दाम घटे हैं। इससे घरेलू बजट पर बढ़ते दबाव के बीच उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली।
- टमाटर 31.09 फीसदी सस्ता हुआ
- आलू की कीमत 13.14 फीसदी घटी
- मोटर कार और जीप 6.72 फीसदी सस्ती हुईं
- भिंडी के दाम 5.41 फीसदी घटे
- परवल और कुंदरू की कीमतों में 3.60 फीसदी की गिरावट आई
जनवरी की 2.75% से अगस्त में 4.82% हुई महंगाई
साल 2026 में खुदरा महंगाई दर में लगातार बढ़ोतरी का रुझान देखने को मिला है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में खुदरा महंगाई दर 2.75 फीसदी थी, जो फरवरी में 3.21 फीसदी, मार्च में 3.40 फीसदी, अप्रैल में 3.48 फीसदी और मई में 3.93 फीसदी हो गई।
इसके बाद जून में खुदरा महंगाई दर 4.38 फीसदी, जुलाई में 4.45 फीसदी और अगस्त में बढ़कर 4.82 फीसदी पहुंच गई। यानी जनवरी से अगस्त के बीच खुदरा महंगाई दर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हुई।
रसोई के स्तर पर देखें तो प्याज, अदरक और लहसुन जैसे रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले सामान महंगे होने से घरेलू खर्च बढ़ा है। हालांकि, टमाटर और आलू समेत कुछ अन्य वस्तुओं की कीमतों में गिरावट ने लोगों को आंशिक राहत जरूर दी है।





