नेपाल में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा, भोटेकोशी नदी का जलस्तर चढ़ते ही अलर्ट; 780 मौतें, 2202 लोग अब भी लापता
काठमांडू: नेपाल में 26 अगस्त की भीषण आपदा के बाद बाढ़ का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। रविवार को भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद अधिकारियों ने नई चेतावनी जारी की है। बाढ़ प्रभावित जिलों में रहने वाले लोगों के साथ राहत और बचाव अभियान में जुटे कर्मियों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। इस आपदा में अब तक 780 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2202 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने रविवार को भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने की जानकारी देते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार शव बरामद हो रहे हैं। आपदा के पांचवें दिन रविवार को भी 20 हजार से अधिक बचावकर्मी लापता लोगों की तलाश और विभिन्न स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में जुटे रहे।
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के अनुसार, अब तक 9500 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। वहीं, शिक्षा मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक बाढ़ प्रभावित तीन जिलों के अलग-अलग स्कूलों से 238 छात्र और 18 शिक्षक अभी लापता हैं।
चीन की ओर बनी झील ने बढ़ाई चिंता
माना जा रहा है कि नेपाल-तिब्बत सीमा पर पराडिगखड पशुतांगखेड़ा में हुए भूस्खलन के कारण बाढ़ की स्थिति पैदा हुई थी। भोटेकोशी नदी का पानी बढ़ने से कई घर, सड़कें और पुल बह गए। इसके बाद चीन की ओर एक झील बनने से नेपाल में दोबारा बाढ़ आने की आशंका बढ़ गई थी। हालांकि, चीनी मीडिया के मुताबिक शनिवार को झील का आकार घटने लगा, जिससे खतरे में कुछ कमी आने की बात कही गई है।
जलविद्युत परियोजनाओं में फंसे लोगों के बचाव में भारत की टीम
बाढ़ के कारण करीब एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाओं में लोगों के फंसे होने की आशंका है। इनके बचाव अभियान में भारत की 11 सदस्यीय टीम भी सहयोग कर रही है। त्रिशूली जलविद्युत परियोजना में सुरक्षाबल भारतीय सुरंग विशेषज्ञों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। खराब मौसम और बारिश के बीच भी बचाव अभियान जारी है।
गंडक और कोसी नदी का भी बढ़ा जलस्तर
नेपाल में पिछले तीन दिनों से जारी भारी बारिश का असर बिहार में भी दिखाई देने लगा है। गंडक और कोसी नदियों के जलस्तर में पिछले 24 घंटे के दौरान तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आशंका जताई गई है कि सोमवार दोपहर तक इन नदियों का पानी पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण और गोपालगंज से होकर गुजर सकता है।
बाढ़ के बाद 149 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया
नेपाल में आई बाढ़ के बाद अब तक 149 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को इन लोगों की सूची जारी की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नेपाल में तैनात भारतीय फोरेंसिक टीम से भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने मुलाकात की है। यह टीम आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के डीएनए नमूनों की जांच करेगी।





